धमतरी/ जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में बिना नंबर की बाइक पर तेज रफ्तार से घूमकर संदिग्ध गतिविधियां करने और आमजन में भय का माहौल पैदा करने वाले दो युवकों के खिलाफ धमतरी पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुरूद क्षेत्र में पिछले कई दिनों से एक बिना नंबर की बाइक पर दो युवक तेज रफ्तार से घूम रहे थे। बाइक पर रॉकेट लिखा हुआ था। युवकों की संदिग्ध गतिविधियों के चलते क्षेत्र के लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ था। पुलिस को आशंका थी कि इनके द्वारा छेड़छाड़, मारपीट और लूटपाट जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जा सकता है।
मामले की सूचना मिलते ही थाना कुरूद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को पकड़ लिया। उनके विरुद्ध धारा 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर गिरफ्तार किया गया। इसके बाद दोनों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- मंगल सोनवानी (21 वर्ष), पिता बृज कुमार सोनवानी, निवासी भरदा चौक, कुरूद।
- पुष्पेंद्र चांदी (19 वर्ष), पिता स्व. गांधी रामचंद्र, निवासी पैरसट्ठी, करेली बड़ी, थाना मगरलोड।
एसपी के निर्देशन में लगातार कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों और आमजन में भय फैलाने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
धमतरी पुलिस की अपील: पुलिस ने आम नागरिकों से क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की बात कही है।

धमतरी पुलिस – आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।
