धमतरी/ जिले में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण को लेकर पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय ने सख्त रुख अपनाया है। रविवार 15 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित क्राइम मीटिंग में उन्होंने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। एसपी ने स्पष्ट कहा कि विवेचना और पुलिसिंग के कार्यों में अनावश्यक देरी तथा लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
60 और 90 दिनों से लंबित मामलों पर विशेष फोकस
बैठक में 1 अक्टूबर से 12 नवंबर 2026 तक जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान अपराध, चालान, मर्ग, गुम इंसान, शिकायत, विभागीय जांच और प्राथमिक जांच की स्थिति का जायजा लिया गया।
एसपी भावना पांडेय ने 60 एवं 90 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने विवेचकों को साक्ष्यों का बेहतर संकलन, आरोपियों की गिरफ्तारी और गुणवत्तापूर्ण विवेचना करते हुए समय पर चालान न्यायालय में प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही डिजिटल रिकॉर्ड और लंबित ऑनलाइन प्रविष्टियों को भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
फरार आरोपियों और वारंटियों पर होगी सख्ती
क्राइम मीटिंग में फरार आरोपियों, स्थायी वारंटियों, निगरानी बदमाशों और आदतन अपराधियों की गतिविधियों की समीक्षा की गई। एसपी ने उनकी पतासाजी कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिलाबदर के लिए चिन्हांकित अपराधियों पर भी नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

नशा तस्करी और चाकूबाजी पर प्रभावी अंकुश के निर्देश
एसपी ने जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई करने पर जोर दिया। उन्होंने केवल तस्करों ही नहीं, बल्कि उनके पूरे नेटवर्क की पहचान कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा चाकूबाजी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए धारदार हथियार लेकर घूमने वाले संदिग्धों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया। बीट पुलिसिंग को मजबूत बनाकर संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी और आम नागरिकों से बेहतर संवाद स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
डिजिटल पुलिसिंग और आधुनिक तकनीक पर जोर
बैठक में CCTNS, E-Sakshya, E-FSL, e-Prosecution, ICJS, CEIR, NETGRID, Cri-MAC सहित विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म की समीक्षा की गई। एसपी ने अधिकारियों को आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग कर अपराधियों की पहचान, साक्ष्य संकलन और वैज्ञानिक विवेचना को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
साथ ही थानों में लगे CCTV कैमरों को हमेशा चालू रखने, शासकीय वाहनों, वायरलेस सेट और अन्य संसाधनों का नियमित रखरखाव करने तथा लंबित जब्ती माल का नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए रॉन्ग साइड वाहन चलाने, शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर अनाधिकृत रूप से खड़े वाहनों को हटवाने और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
आम जनता की शिकायतों का समय पर निराकरण जरूरी
एसपी भावना पांडेय ने थाना प्रभारियों को आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनने तथा उनका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने शांति समिति, सड़क सुरक्षा समिति और महिला कमांडो के माध्यम से सामुदायिक पुलिसिंग को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।

वरिष्ठ अधिकारियों सहित जिले के पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
क्राइम मीटिंग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवचरण पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, डीएसपी भानू प्रताप चंद्राकर, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी, रक्षित निरीक्षक सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में एसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्राइम मीटिंग में दिए गए निर्देशों का निर्धारित समय-सीमा में पालन कर आगामी समीक्षा बैठक में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
एसपी भावना पांडेय ने स्पष्ट संदेश दिया कि अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों का त्वरित निराकरण, आधुनिक तकनीक आधारित पुलिसिंग और आम जनता को जवाबदेह पुलिस सेवा उपलब्ध कराना धमतरी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
