पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में स्थापित इस विशेष स्टॉल के माध्यम से नवीन आपराधिक कानूनों, यातायात सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, नशा मुक्ति एवं नक्सल विरोधी अभियानों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां आम नागरिकों को दी गईं।
विधायक अजय चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधियों ने किया अवलोकन
राज्योत्सव के मुख्य अतिथि कुरूद विधायक अजय चंद्राकर सहित राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, महापौर रामू रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, सहकारी बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, पूर्व विधायक रंजना साहू एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पुलिस स्टॉल का अवलोकन किया।

इस दौरान अतिथियों ने नवीन आपराधिक कानूनों, साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों तथा पुलिस के आधुनिक हथियारों एवं सुरक्षा उपकरणों की प्रदर्शनी देखी। पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न विषयों की विस्तार से जानकारी दी। अतिथियों ने धमतरी पुलिस की इस जनहितकारी पहल की सराहना की।
‘सेल्फी विथ मी’ जोन बना विशेष आकर्षण
पुलिस स्टॉल में बनाए गए ‘सेल्फी विथ मी’ जोन में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों ने पुलिस जवानों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। इस पहल का उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच आपसी विश्वास, आत्मीयता और सकारात्मक संवाद को मजबूत करना रहा।
साइबर ठगी और यातायात सुरक्षा को लेकर किया जागरूक
प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों को कई महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। इनमें नवीन आपराधिक कानूनों के प्रावधान, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का महत्व, सड़क दुर्घटनाओं में गोल्डन ऑवर की उपयोगिता, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, संदिग्ध कॉल, ओटीपी एवं यूपीआई फ्रॉड से बचाव तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की जानकारी प्रमुख रही।
इसके साथ ही नशे के दुष्परिणामों और नशा मुक्ति का संदेश भी दिया गया। पोस्टर, बैनर, मॉडल एवं डेमो के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया तथा पाम्पलेट भी वितरित किए गए।
इस आयोजन में धमतरी पुलिस की आर्मोरर टीम, यातायात शाखा, साइबर सेल एवं थाना स्टाफ ने सक्रिय सहभागिता निभाई। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आगंतुकों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपना ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, वनमंडलाधिकारी कृष्ण जाधव, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी भानु प्रताप चंद्राकर, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, रक्षित निरीक्षक विपुल आनंद जांगड़े सहित विभिन्न थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
धमतरी पुलिस की इस पहल ने राज्योत्सव में मनोरंजन के साथ सुरक्षा और जागरूकता का संदेश भी दिया। पुलिस का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ जनसहभागिता और जनविश्वास के माध्यम से सुरक्षित समाज का निर्माण करना है।
