Air Fryer Vs Microwave: अब लोगों को किचन में खाना बनाने में ज्यादा वक्त नहीं लगता है. क्योंकि अब बहुत से ऐसे उपकरण आ चुके हैं. जो लोगों का काम जल्दी निपटाने में मदद करते हैं. कई बार लोग खाने की चीजों को बनाने वाले उपकरणों की खरीद को लेकर कंफ्यूज रहते हैं. सभी चाहते हैं कि ऐसा उपकरण हो जो ज्यादा काम आ सके. इसमें एयर फ्रायर और फिर माइक्रोवेव ओवन का काफी इस्तेमाल होता है.
कई लोग एयर फ्रायर की तरफ भागते है तो वहीं कुछ लोगों को सहूलियत के हिसाब से माइक्रोवेव ज्यादा सही लगता है. काम करने में तो दोनों ही बढ़िया हैं लेकिन इनका काम करने का तरीका और इस्तेमाल बिल्कुल अलग है. अपने पैसे कौनसी मशीन पर लगाने हैं आपके लिए फायदे का सौदा रहेगा. चलिए आपको बताते हैं इस बारे में पूरी जानकारी.
एयर फ्रायर की खासियतें
अगर आप उन लोगों में से हैं जिन्हें शाम की चाय के साथ समोसे, कटलेट, फ्रेंच फ्राइज या पनीर टिक्का खाना बहुत पसंद है. लेकिन बढ़ते वजन और कोलेस्ट्रॉल के डर से मन मारना पड़ता है. तो एयर फ्रायर आपके लिए एकदम बेस्ट है. यह मशीन रैपिड एयर टेक्नोलॉजी पर काम करती है. यानी इसमें गर्म हवा चारों तरफ तेजी से घूमती है और खाने को बाहर से एकदम कुरकुरा और अंदर से सॉफ्ट बना देती है.
इसमें पारंपरिक तलने के मुकाबले 85 से 90 प्रतिशत तक कम तेल लगता है. आजकल के मॉडर्न एयर फ्रायर में ट्रांसपेरेंट विंडो और डिजिटल टच पैनल भी आने लगे हैं जिससे आप बिना बास्केट खोले बाहर से ही देख सकते हैं कि खाना कितना पका है. तीन से पांच लोगों के परिवार के लिए 4.5 से 5 लीटर वाला एयर फ्रायर एकदम परफेक्ट रहता है.

माइक्रोवेव ओवन के फायदे
अब बात करते हैं माइक्रोवेव की, तो तमाम घरों में सबसे ज्यादा जरूरत इस बात की होती है कि बिना बर्तन जलाए जल्दी से गर्म हो जाए. तो इस काम में माइक्रोवेव का कोई मुकाबला नहीं है. अगर आप सिर्फ खाना गर्म करने या डिफ्रॉस्ट करने के लिए मशीन ढूंढ रहे हैं. तो 20 लीटर का सोलो माइक्रोवेव काफी सही ऑप्शन है. इसमें नॉब वाले आसान कंट्रोल भी मिलते हैं जिन्हें घर के बुजुर्ग भी बिना किसी परेशानी के चला सकते हैं.
वहीं अगर आपका बजट थोड़ा अच्छा है और आप कन्वेक्शन माइक्रोवेव लेते हैं. तो यह और भी बढ़िया है. इसमें हीटिंग के साथ-साथ ग्रिलिंग, बेकिंग, रोस्टिंग और यहां तक कि केक और पिज्जा बनाने की सुविधा भी मिलती है. आजकल के कुछ एडवांस 30 लीटर वाले मॉडल्स में तो इन-बिल्ट एयर फ्रायर और रोटिसरी का फीचर भी आने लगा है.

