धमतरी/ समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के साथ ही जिले में अवैध धान के भंडारण और परिवहन पर प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा के निर्देशानुसार राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें लगातार जांच और कार्रवाई कर रही हैं। इसी क्रम में नगरी तहसील के विभिन्न गांवों और क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में धान जब्त किया गया है। वहीं बनरौद नाका में पुलिस टीम ने 300 बोरी धान जब्त किया है।
अलग-अलग स्थानों पर राजस्व एवं मंडी विभाग की कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कर्रा में व्यापारी शोभानाथ गोस्वामी के प्रतिष्ठान की जांच के दौरान 150 कट्टा धान पाया गया। संयुक्त टीम ने मंडी अधिनियम के तहत धान जब्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।
इसी तरह 15 नवंबर को ग्राम सिंगपुर में मंडी टीम ने चैतराम साहू के प्रतिष्ठान की जांच की। इस दौरान 32 कट्टा यानी 12.80 क्विंटल धान मिलने पर जब्ती की कार्रवाई की गई।
वहीं 16 नवंबर को नगरी क्षेत्र में व्यापारियों के प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान बिना वैध दस्तावेज के 1,178 कट्टा धान का भंडारण पाया गया। टीम ने मंडी अधिनियम के तहत उक्त धान जब्त कर लिया।

बनरौद नाका में पुलिस ने पकड़ी 300 बोरी धान
इधर बनरौद नाका में भी पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 300 बोरी धान जब्त किया है। मामले में पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की इन कार्रवाइयों से अवैध रूप से धान का भंडारण और परिवहन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए निगरानी तेज
जिला प्रशासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और वास्तविक किसानों के हितों की रक्षा के उद्देश्य से उपार्जन केंद्रों, गोदामों, परिवहन मार्गों और नाकों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से धान का भंडारण करने, बिना वैध दस्तावेज परिवहन करने अथवा समर्थन मूल्य पर खरीदी व्यवस्था में अनुचित तरीके से धान खपाने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

