राजनांदगांव रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर बम की सूचना से हड़कंप मच गया है. यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस में बम की अफवाह के बाद ट्रेन को करीब 45 मिनट से रोका गया. स्टेशन में अफरा-तफरी का माहौल है.
बताया जा रहा है कि यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस में बम होने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर खड़ा किया गया और जांच शुरू की गई. पुलिस ने जांच करते हुए एक व्यक्ति को कब्जे में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है.
डॉग स्क्वॉड कर रहा ट्रेन की जांच
यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस की जांच के लिए बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड बुलाया गया है. लंबे समय से ट्रेन का चप्पा-चप्पा छाना जा रहा है. अभी तक कुछ संदिग्ध नहीं मिला है. वहीं, स्टेशन पर बड़े पैमाने पर पुलिस बल तैनात किया गया है.

एक व्यक्ति ने लोको पायलट को आकर बताया- 10 मिनट में होगा ब्लास्ट
राजनांदगांव स्टेशन के स्टेशन मास्टर आरके बर्मन ने बताया कि घटना दोपहर करीब 2.30 बजे हुई, जब 12252 वैनगंगा सुपरफास्ट एक्सप्रेस (कोरबा-यशवंतपुर) राजनांदगांव स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंची थी. एक यात्री ने ट्रेन के लोको पायलट के पास जाकर दावा किया कि ट्रेन में बम है, जो 10 मिनट के भीतर फट जाएगा. इसके बाद वह अपना सामान छोड़कर वहां से फरार हो गया.
अधिकारी ने बताया कि ट्रेन की तलाशी के लिए बम निरोधक दस्ता और श्वान दस्ता बुलाया गया. ट्रेन में कोई विस्फोटक उपकरण नहीं होने की पुष्टि होने के बाद शाम करीब चार बजे ट्रेन ने अपनी यात्रा फिर शुरू की. यात्री को अपना सामान लेने के लिए स्टेशन लौटने पर हिरासत में ले लिया गया और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के हवाले कर दिया गया.

गुमराह करने की कोशिश कर रहा आरोपी
जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने अपने पते के बारे में अलग-अलग जानकारी दी. उसने कभी खुद को बिलासपुर तो कभी बिल्हा का निवासी बताया. उसकी पहचान और रेलवे स्टेशन पर उसकी मौजूदगी के कारणों की पुष्टि की जा रही है.
