धमतरी/ 18 जून पुलिस विभाग की अनुशासन एवं मर्यादा के विपरीत आचरण के मामले में धमतरी पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए थाना कुरूद में पदस्थ आरक्षक पवन बर्मन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी कुरूद द्वारा पुलिस अधीक्षक को प्रस्तुत प्रतिवेदन में बताया गया कि आरक्षक पवन बर्मन द्वारा मरौद टोल प्लाजा के पास एक ट्रक चालक के साथ अनुचित व्यवहार एवं मारपीट किए जाने की शिकायत मिली है। इसके अलावा संबंधित आरक्षक अपने ड्यूटी स्थल से भी अनुपस्थित पाया गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी सूरज सिंह परिहार ने प्रथम दृष्टया आरोपों को पुलिस विभाग की गरिमा, अनुशासन एवं सेवा आचरण नियमों के विपरीत मानते हुए आरक्षक को तत्काल निलंबित कर पुलिस लाइन रूद्री अटैच कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की प्राथमिक जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की छवि और आमजन के विश्वास को प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
