धमतरी/ एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के बाद धमतरी पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले को कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी माना गया है।
जानकारी के अनुसार थाना सिहावा में पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 45/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार आरोपियों को 11 जून 2026 को चिकित्सीय परीक्षण के लिए थाना सिहावा से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी ले जाया जा रहा था। इस दौरान सहायक उप निरीक्षक सोनचंद डहरिया, आरक्षक अजय नेताम, डीएसएफ आरक्षक हिमेश नेताम एवं महिला आरक्षक डिगेश्वरी साहू आरोपियों की सुरक्षा अभिरक्षा में तैनात थे।
चिकित्सीय परीक्षण के दौरान आरोपी पलाश गजभिए (32 वर्ष), निवासी कचूरवाही, थाना आरोली, तहसील रामटेक, जिला नागपुर (महाराष्ट्र), पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। आरोपी के विरुद्ध धारा 262 बीएनएस के तहत एक और अपराध दर्ज किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रारंभिक जांच में संबंधित पुलिसकर्मियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था एवं निगरानी में घोर लापरवाही पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की। इसके तहत एएसआई सोनचंद डहरिया, आरक्षक अजय नेताम, डीएसएफ आरक्षक हिमेश नेताम तथा महिला आरक्षक डिगेश्वरी साहू को निलंबित कर दिया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान सभी का मुख्यालय रक्षित आरक्षक केंद्र धमतरी निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता एवं अन्य देय भत्ते प्राप्त होते रहेंगे।
इधर फरार आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास जारी हैं।
