धमतरी/ जिले में बैंकिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस ने व्यापक स्तर पर विशेष बैंक सुरक्षा निरीक्षण अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में संचालित राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंक शाखाओं का सघन एवं औचक निरीक्षण किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना एवं चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित बैंक शाखाओं का भौतिक सत्यापन करते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बैंक परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता एवं कवरेज, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्डों की उपलब्धता एवं सतर्कता, मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वारों की सुरक्षा, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर उन्हें सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने बैंक परिसरों में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखने, नकदी के सुरक्षित परिवहन, सीसीटीवी कैमरों के नियमित रखरखाव तथा सुरक्षा उपकरणों को सदैव सक्रिय रखने की सलाह दी। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना को देने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान सुरक्षा गार्डों एवं बैंक कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता प्राप्त करने और निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने के संबंध में भी जागरूक किया गया। कुछ बैंक शाखाओं में सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव देते हुए उनके शीघ्र पालन के निर्देश बैंक प्रबंधन को दिए गए।
धमतरी पुलिस के अनुसार जिले में बैंकों, एटीएम केंद्रों एवं अन्य महत्वपूर्ण वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर औचक निरीक्षण एवं चेकिंग अभियान चलाए जाते हैं। इसी कड़ी में यह विशेष अभियान संचालित किया गया, ताकि सुरक्षा व्यवस्थाओं का वास्तविक आकलन किया जा सके और संभावित आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों की सुरक्षा, बैंकिंग संस्थानों की संरक्षा तथा जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वह निरंतर सक्रिय, सजग एवं प्रतिबद्ध है। भविष्य में भी इस प्रकार के सरप्राइज निरीक्षण एवं सुरक्षा समीक्षा अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।
“सतर्क धमतरी पुलिस – सुरक्षित बैंक, सुरक्षित नागरिक”
