पोटाश बम से किया गया था वन्यप्राणी का शिकार, सप्लायर से पूछताछ में सामने आए आरोपियों के नाम; दोनों को भेजा गया जेल
धमतरी/ उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के सीतानदी अभयारण्य अंतर्गत रिसगांव परिक्षेत्र में जंगली सूअर के अवैध शिकार के मामले में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां उनकी जमानत याचिका 20 नवंबर 2026 को खारिज कर दी गई।
मामला छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा से लगे वन क्षेत्र के कक्ष क्रमांक 254-255 स्थित चिखलापानी का है। यहां पोटाश बम जैसे विस्फोटक पदार्थ का इस्तेमाल कर एक नर जंगली सूअर (वाइल्ड पिग) का अवैध शिकार किया गया था। इस संबंध में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 70/22, दिनांक 29 सितंबर 2026 को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पहले तीन आरोपियों की हो चुकी है गिरफ्तारी
इस मामले में पूर्व में ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के खिलौली गांव निवासी नरसिंग (50 वर्ष), देवानंद (49 वर्ष) एवं शेषमल (38 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था। न्यायालय के आदेश पर उन्हें जिला जेल धमतरी में न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था।
पोटाश बम सप्लायर से पूछताछ में हुआ खुलासा
वन विभाग की एंटी पोचिंग टीम एवं अधिकारियों द्वारा 5 नवंबर को जिला जेल धमतरी में आरोपियों से विशेष पूछताछ की गई। जांच के दौरान पोटाश बम की आपूर्ति करने वाले भारत पिता रामजी राठौड़, निवासी कोरोहोबेड़ा, थाना विश्रामपुरी, जिला कोंडागांव तथा उसके सहयोगियों से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।
पूछताछ एवं प्राप्त बयानों के आधार पर पंडित जोहरू नेताम (40 वर्ष), निवासी कोरोहोबेड़ा, थाना विश्रामपुरी, जिला कोंडागांव और मांकलाल मरकाम (37 वर्ष), निवासी मुकुंदपुर, थाना सिहावा, जिला धमतरी को 17 नवंबर को उनके गृह ग्राम से गिरफ्तार किया गया।

दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए रिसगांव परिक्षेत्र कार्यालय, मुख्यालय सांकरा लाया गया। वन विभाग के अनुसार, मामले में पोटाश बम की आपूर्ति एवं उसके इस्तेमाल से संबंधित उनकी भूमिका सामने आने पर उन्हें वन्यप्राणी के अवैध शिकार प्रकरण में गिरफ्तार किया गया।
न्यायालय ने जमानत याचिका की खारिज
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। 20 नवंबर 2026 को उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई। इसके बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
वन विभाग की टीम कर रही है जांच
इस कार्रवाई में वरुण जैन, उपनिदेशक उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व गरियाबंद, बालगोविंद साहू, सहायक संचालक सीतानदी (नगरी), गोपाल सिंह कश्यप सहित एंटी पोचिंग स्क्वॉड एवं वन विभाग के अधिकारियों की भूमिका रही। वहीं चंद्रबली ध्रुव, वनक्षेत्रपाल रिसगांव तथा चंद्रभान साहू सहित संबंधित वन अमले द्वारा प्रकरण की विवेचना की जा रही है।
वन विभाग द्वारा मामले में पोटाश बम की आपूर्ति, उसके निर्माण एवं अवैध शिकार में शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
