धमतरी/ जिले में बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण एवं जवाबदेह व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने 18 नवंबर को थाना भखारा का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यशैली तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर, पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की वेशभूषा (टर्नआउट) एवं परेड का बारीकी से अवलोकन किया। उत्कृष्ट परेड और बेहतर वेशभूषा का प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कृत किया। साथ ही सभी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के साथ शारीरिक स्वास्थ्य एवं फिटनेस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इसके बाद थाना भवन, मालखाना, सीसीटीएनएस कक्ष, पुरुष एवं महिला हवालात तथा जब्तशुदा सामग्रियों के रखरखाव का निरीक्षण किया गया। थाना परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण कर परिसर को हरा-भरा एवं सुंदर बनाने पर भी जोर दिया गया।
लंबित मामलों के निराकरण और अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर
थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण साहू से थाना क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, अपराध नियंत्रण एवं लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग सहित अन्य प्रकरणों की जानकारी ली गई। एसपी ने सभी विवेचकों को लंबित मामलों का प्राथमिकता से गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निराकरण करने तथा गंभीर अपराधों की विवेचना निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अवैध शराब बिक्री, जुआ, सट्टा, नशीले पदार्थों एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने को कहा। साथ ही असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने, रात्रि गश्त बढ़ाने और अपराध नियंत्रण के लिए लगातार सतर्क एवं मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।

महिला एवं बाल अपराधों पर संवेदनशीलता से कार्रवाई के निर्देश
निरीक्षण के दौरान रोजनामचा, केस डायरी, एफआईआर, अपराध रजिस्टर, मर्ग रजिस्टर, एमएलसी रजिस्टर, गुम इंसान रजिस्टर एवं निरीक्षण पुस्तिका सहित महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन किया गया। अभिलेखों में पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने और केस डायरियों को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए गए।
महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराधों, गंभीर मामलों और न्यायालयीन प्रकरणों के त्वरित निराकरण के साथ समंस एवं वारंट की शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। एसपी ने स्पष्ट कहा कि थाने पहुंचने वाले प्रत्येक फरियादी एवं आम नागरिक की शिकायत को सम्मान और संवेदनशीलता के साथ सुनकर त्वरित एवं न्यायोचित कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो सके।
हथियारों के नियमित अभ्यास और पुलिस अनुशासन पर जोर
शासकीय शस्त्रागार एवं हथियारों का निरीक्षण करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हथियारों को खोलने-जोड़ने तथा सुरक्षित संचालन का नियमित अभ्यास करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए प्रत्येक माह अनिवार्य रूप से दो दिवस हथियार अभ्यास आयोजित करने को कहा गया।
निरीक्षण के अंत में एसपी भावना पांडेय ने थाना स्टाफ का दरबार (फॉलिंग) लेकर पुलिसकर्मियों की विभागीय एवं व्यक्तिगत समस्याएं सुनीं तथा उनके निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को अनुशासन, सतर्कता, संवेदनशीलता एवं पूर्ण समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी भखारा निरीक्षक अरुण साहू सहित थाने के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
