धमतरी/ शहर के मेडिकल कॉम्प्लेक्स के पास बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक खड़ी फोर्ड कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कार के इंजन वाले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में कार का इंजन और अगला हिस्सा काफी हद तक जल गया। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से आसपास खड़े अन्य वाहन इसकी चपेट में आने से बच गए।
जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉम्प्लेक्स के पास एक फोर्ड कार खड़ी थी। इसी दौरान अचानक कार के इंजन वाले हिस्से से आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही देर में आग तेजी से फैलने लगी। मौके पर मौजूद मीडिया कर्मी हेमलाल साहू ने आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी।
इसके बाद लोगों ने तत्काल फायर एक्सटिग्विशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी। घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग बुझने तक कार का इंजन सहित आगे का हिस्सा काफी हद तक जल चुका था। राहत की बात यह रही कि फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया और आसपास खड़े दूसरे वाहनों तक आग नहीं पहुंची।
बताया जा रहा है कि आग लगने वाली कार संजय एजेंसी के सुनील मंजवानी की है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम में दिलीप निषाद, अरुण यादव, नोहर यादव और रोहित कुमार मौके पर पहुंचे। टीम की तत्परता से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।
