धमतरी/ जिले में बैंक खाताधारकों से कथित धोखाधड़ी, गबन और कूटरचना के एक बड़े मामले का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। भखारा पुलिस ने SBI कियोस्क संचालक केशव राम साहू (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर खाताधारकों के साथ वित्तीय अनियमितता कर कुल 1,00,75,717 रुपये के आपराधिक न्यासभंग का आरोप है।
2015 से 2025 के बीच की गई वित्तीय अनियमितता
पुलिस के मुताबिक आरोपी केशव राम साहू को ग्राम कोरा में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के अनुबंधित कियोस्क/ग्राहक सेवा केंद्र के संचालन की जिम्मेदारी दी गई थी। आरोप है कि आरोपी ने 27 अगस्त 2015 से 29 नवंबर 2025 के बीच SBI खाताधारकों के साथ बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी, गबन और कूटरचना की।
इस मामले में NICT TECHNOLOGIES PVT. LTD. धमतरी के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर जुगलकिशोर (31 वर्ष), निवासी चरमुडिया, थाना कुरूद, की रिपोर्ट पर थाना भखारा में अपराध क्रमांक 102/2026 दर्ज किया गया।

पुलिस ने मामले में धारा 318(4), 338 और 336(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
लैपटॉप और 29 हितग्राहियों के FD बॉन्ड जब्त
विवेचना के दौरान भखारा पुलिस ने आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर ग्राम कोरा स्थित कियोस्क सेंटर से महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में:
- 01 लेनोवो कंपनी का लैपटॉप
- 29 हितग्राहियों के फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) बॉन्ड पेपर
जब्त किए हैं।
न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल
पुलिस के अनुसार मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी केशव राम साहू को 21 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे माननीय न्यायालय कुरूद के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

आरोपी का विवरण
नाम: केशव राम साहू, उम्र 40 वर्ष
पिता: हेमलाल साहू
मूल निवास: देवकोट, चौकी कंवर, थाना गुरूर, जिला बालोद
वर्तमान पता: बोरिया खुर्द, अर्जुन विहार, थाना मुजगहन, जिला रायपुर
पुलिस की आम जनता से अपील
धमतरी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि बैंक अथवा कियोस्क के माध्यम से लेन-देन करते समय अपनी पासबुक, रसीद और बैंक संबंधी दस्तावेजों की नियमित जांच करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध वित्तीय गतिविधि या लेन-देन में अनियमितता पाए जाने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को इसकी सूचना दें।
