गणेश पंडालों से तांबे के बर्तन चोरी, बीएसएनएल का बॉक्स उखाड़ ले गईं तीन महिलाएं; एक माह में चार बार चोरी
धमतरी/ शहर में इन दिनों चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। चोर खास तौर पर कॉपर वायर और तांबे से बनी वस्तुओं को निशाना बना रहे हैं। चोरी की इन घटनाओं में नाबालिगों के साथ अब महिलाओं के शामिल होने की बात भी सामने आई है। गणेश पंडालों से लेकर दुकानों और सार्वजनिक परिसरों तक चोरी की घटनाओं से लोग परेशान हैं।
मेटल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के चलते चोर लोटा, थाली, गिलास, कलश और कॉपर वायर जैसी धातु की वस्तुओं को निशाना बना रहे हैं। एसी में लगे कॉपर वायर भी काटकर ले जाने की घटनाएं सामने आई हैं।
गणेश पंडालों से तांबे के बर्तन चोरी
बालक चौक स्थित गणेश पंडाल से दो तांबे के कलश चोरी होने की जानकारी सामने आई है। चोरी के आरोपियों के मकेश्वर वार्ड से होने की बात कही जा रही है। वहीं लालबगीचा में लेटे वाले गणेश जी के पंडाल में दो बार चोरी हुई। एक बार दानपेटी और दूसरी बार फूल-कांस के बर्तन चोरी किए गए।
इसी तरह अनिल रंगोली भंडार के पास स्थित तितली गणेश पंडाल से भी फूल-कांस का लोटा और थाली चोरी होने की घटना सामने आई है।
बीएसएनएल का बॉक्स उखाड़कर ले गईं तीन महिलाएं
पुराना स्टेट बैंक और भोजवानी मोबाइल के पास सड़क किनारे लगा बीएसएनएल का बॉक्स तीन महिलाएं उखाड़कर ले गईं। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में तीनों महिलाएं काफी मशक्कत के बाद बॉक्स को उखाड़कर ले जाती दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि बॉक्स में कॉपर वायर भी लगा था।

नगर निगम कॉम्प्लेक्स और पार्किंग में भी चोरी
बालक चौक परिसर और उसके आसपास की पार्किंग में भी चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। चोर परिसर की वायरिंग उखाड़कर ले जा रहे हैं। वहीं पार्किंग में लगे एसी के बाहर निकले कॉपर वायर को काटकर चोरी किए जाने की भी शिकायतें सामने आई हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय लोग और दुकानदार परेशान हैं।
एक महीने में चार बार चोरी, डेढ़ लाख का नुकसान
विमल टॉकीज रोड पर भगवती लॉज के बाजू में निर्माणाधीन दुकान में एक महीने के भीतर चार बार चोरी हो चुकी है। संचालक के मुताबिक शिकायत करने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। पूर्व में करीब 50 हजार रुपये की सामग्री चोरी हुई थी। शुक्रवार को दोबारा वायर चोरी होने से करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ। इस तरह अब तक करीब डेढ़ लाख रुपये की सामग्री चोरी हो चुकी है।

महंगे मेटल की कीमतों का फायदा उठा रहे चोर
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच आरोपियों की धरपकड़ के साथ कबाड़ कारोबारियों पर भी नजर रखने की जरूरत है। आशंका है कि चोरी किए गए कॉपर वायर और फूल-कांस के बर्तनों को कबाड़ियों के माध्यम से बेचा जा सकता है। ऐसे में चोरी की धातु खरीदने वालों की भी जांच किए जाने की मांग उठ रही है।
