मगरलोड पुलिस की कार्रवाई से मामले में पांचों आरोपी गिरफ्तार, 43,800 रुपये की लूट का मामला
धमतरी/मगरलोड। खुद को बजरंग दल और पुलिसकर्मी बताकर पिकअप वाहन सवार लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट करने और एक व्यक्ति का अपहरण कर लूटपाट करने के मामले में मगरलोड पुलिस ने दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद इस प्रकरण में अब तक पांचों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक, 3 मार्च 2026 को प्रार्थी देवेन्द्र कुमार मारकण्डे निवासी छाती, थाना कुरुद अपने साथियों फगेश्वर कुमार, लक्ष्मण यादव, लीलेश कुमार और दुर्गेश कुमार के साथ पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 MQ 1589 से बछड़ों को लेकर मुड़केरा जा रहे थे।
इसी दौरान आलेखुंटा-सिंगपुर मार्ग पर सफेद रंग की स्विफ्ट कार क्रमांक CG 05 AP 6389 में सवार आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने कथित तौर पर स्वयं को बजरंग दल का सदस्य और पुलिसकर्मी बताते हुए प्रार्थी और उसके साथियों को डराया-धमकाया। इसके बाद उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।
दुगली की ओर ले जाकर कराई रकम ट्रांसफर
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने प्रार्थी का अपहरण कर उसे दुगली की ओर ले गए। रास्ते में उससे 13,800 रुपये नगद तथा PhonePe के माध्यम से 30,000 रुपये जबरन ट्रांसफर करवाए गए। इस तरह कुल 43,800 रुपये की लूट की गई।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 40/2026 दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई।

पहले तीन आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने पहले कार्रवाई करते हुए ओमकार कुर्रे (40), चांद कुर्रे (19) और राहुल कुर्रे (26), सभी निवासी ग्राम पाईकभाठा, थाना सिहावा, जिला धमतरी, को 6 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया था। तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया था।
पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट कार करीब 7 लाख रुपये, दो मोबाइल फोन करीब 57 हजार रुपये तथा लूटी गई रकम में से 1,000 रुपये नगद बरामद किए थे। इस तरह कुल करीब 7.58 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी।
लगातार फरार थे विकास और साहिल
घटना के बाद सह-आरोपी विकास आडिल (22) और साहिल अली (23) फरार चल रहे थे। पुलिस द्वारा दोनों की लगातार पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मगरलोड पुलिस ने दोनों आरोपियों की घेराबंदी कर उन्हें अभिरक्षा में लिया।
पूछताछ में पुलिस ने दोनों की घटना में संलिप्तता पाए जाने की बात कही है। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर लूट की रकम में हिस्से के रूप में प्राप्त बची हुई नगद राशि भी बरामद कर जब्त की गई।

दोनों आरोपियों को भेजा गया जेल
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास आडिल, पिता लोकनाथ आडिल, निवासी ग्राम पाईकभाठा और साहिल अली, पिता गफरू अली, निवासी ग्राम पाईकभाठा, थाना सिहावा, जिला धमतरी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मामले में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद अपराध क्रमांक 40/2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 126(2), 127(2), 296, 115(2), 351(3), 140(3), 310(2) और 309(6) के तहत कार्रवाई की गई। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर प्रथम न्यायिक मजिस्ट्रेट, कुरुद के न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
मगरलोड पुलिस द्वारा मामले में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
