बोहराडीह सब-स्टेशन के मुख्य ट्रांसफार्मर में लगी आग, करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद दमकल ने पाया काबू; धमतरी में भी करीब 1 घंटे रहा ब्लैकआउट
धमतरी/ गुरुवार सुबह गुरूर थाना क्षेत्र के ग्राम बोहराडीह स्थित 220 केवी पावर हाउस में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग पावर हाउस के मुख्य ट्रांसफार्मर में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की ऊंची लपटों के साथ आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। घटना के चलते क्षेत्र में बिजली आपूर्ति कई घंटों तक प्रभावित रही, जबकि धमतरी शहर में भी करीब एक घंटे तक ब्लैकआउट की स्थिति बनी रही।
ट्रांसफार्मर में लगी आग, मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार आग मुख्य ट्रांसफार्मर में लगी थी। ट्रांसफार्मर में बड़ी मात्रा में ऑयल मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते पूरे ट्रांसफार्मर से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग की भयावहता को देखते हुए पावर हाउस परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बंदर के कूदने से शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, हादसे की वजह एक बंदर का ट्रांसफार्मर पर कूदना बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि इसके चलते जोरदार स्पार्किंग और शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे ट्रांसफार्मर के ज्वलनशील ऑयल ने आग पकड़ ली।
हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी।

बालोद और धमतरी से पहुंची दमकल की गाड़ियां
घटना की सूचना मिलते ही बालोद और धमतरी से दमकल वाहनों को मौके पर रवाना किया गया। दमकल कर्मियों ने करीब तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
आग बुझाने के दौरान विद्युत विभाग के कर्मचारियों और दमकल टीम ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सावधानियां बरतीं।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
220 केवी का पावर हाउस संवेदनशील विद्युत उपकेंद्र होने के कारण घटना की सूचना तत्काल गुरूर पुलिस को दी गई। पुलिस बल मौके पर पहुंचा और सुरक्षा घेरा बनाकर पावर हाउस के आसपास लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया।
घटना की जानकारी मिलते ही विद्युत विभाग के वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी और मैदानी अमला भी मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेते हुए बिजली आपूर्ति बहाल करने और क्षतिग्रस्त सिस्टम को सुरक्षित करने की दिशा में काम शुरू किया।

कई घंटे प्रभावित रही बिजली आपूर्ति
पावर हाउस में आग लगने के बाद विद्युत व्यवस्था पर इसका सीधा असर पड़ा। क्षेत्र में कई घंटे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। धमतरी शहर में भी करीब एक घंटे तक ब्लैकआउट की स्थिति रही। बिजली विभाग की टीम द्वारा व्यवस्था सामान्य करने के बाद आपूर्ति धीरे-धीरे बहाल की गई।
फिलहाल आग से ट्रांसफार्मर को हुए नुकसान और बिजली व्यवस्था पर पड़े व्यापक प्रभाव का आकलन किया जा रहा है।
