एसपी भावना पांडेय के निर्देश पर अधिकारियों ने व्यापारियों से लिए सुझाव, मकई चौक से इतवारी बाजार तक की पैदल पेट्रोलिंग
धमतरी/ आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए शहर में सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एसपी धमतरी भावना पांडेय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल एवं डीएसपी साइबर भानू प्रताप चंद्राकर ने व्यापारी संघ के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था, बाजार क्षेत्रों में बढ़ने वाले यातायात दबाव, पार्किंग व्यवस्था, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा आम नागरिकों और व्यापारियों की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
व्यापारियों ने दिए व्यावहारिक सुझाव
बैठक के दौरान व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस अधिकारियों के समक्ष कई व्यावहारिक सुझाव रखे। पुलिस अधिकारियों ने सुझावों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की।
इस दौरान पुलिस एवं व्यापारी संघ के बीच आपसी समन्वय और सहयोग से यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर सहमति बनी। अधिकारियों ने कहा कि त्योहारी दिनों में बाजार क्षेत्रों में भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए व्यापारियों का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण रहेगा।

मकई चौक से इतवारी बाजार तक पैदल पेट्रोलिंग
बैठक के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल, डीएसपी साइबर भानू प्रताप चंद्राकर सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मकई चौक से सदर बाजार होते हुए इतवारी बाजार तक पैदल पेट्रोलिंग की।
इस दौरान प्रमुख बाजार मार्गों, चौक-चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात की स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने यातायात दबाव वाले स्थानों को चिन्हांकित कर त्योहारी सीजन के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।
बाजार क्षेत्रों में बढ़ाई जाएगी निगरानी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्योहारी अवधि में आम नागरिकों, व्यापारियों एवं बाहर से आने वाले लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
आवश्यकता के अनुसार बाजार क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित पेट्रोलिंग और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाएगा।
पुलिस ने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों के सामने अनावश्यक रूप से वाहनों की पार्किंग न होने दें और बाजार की सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

ये रहे मौजूद
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल, डीएसपी साइबर भानू प्रताप चंद्राकर, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राजेश जगत, उनि. के.आर. साहू, कैट जिलाध्यक्ष महेश जसूजा, घड़ी चौक व्यापारी संघ अध्यक्ष ज्ञानचंद लूनावत, सराफा एसोसिएशन अध्यक्ष ललित बरडिया, घड़ी चौक व्यापारी संघ सचिव राजू पंजवानी, चेतन हिंदुजा, कल्याण मुलवानी, देवा अन्दानी, संजय लुंकड़ सहित अन्य व्यापारी पदाधिकारी, व्यापारीगण एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
