धमतरी/ कांकेर से अपने दोस्तों के साथ रायपुर जा रहे 27 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा धमतरी जिले में मरौद टोल प्लाजा के आगे हुआ। मृतक की पहचान राहुल राणा, निवासी हल्बापारा विश्रामपुरी, जिला कोंडागांव के रूप में हुई है। राहुल कांकेर के एक गैरेज में काम करता था।
लघुशंका के लिए वाहन से उतरा था युवक
मिली जानकारी के अनुसार, राहुल 8 सितंबर की रात अपने तीन दोस्तों के साथ आईसर मेटाडोर से कांकेर से रायपुर के लिए रवाना हुआ था। रात करीब 2:30 बजे मरौद टोल प्लाजा के आगे राहुल लघुशंका के लिए वाहन से नीचे उतरा।
इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही एक अज्ञात कार ने राहुल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उसके दोनों पैर गंभीर रूप से घायल हो गए और पैर में गंभीर चोटें आईं।
एकता अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे के बाद राहुल के साथियों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से उसे धमतरी के एकता अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया। चोटों की गंभीरता के कारण उपचार के दौरान राहुल का एक पैर काटना भी पड़ा।

इसके बावजूद राहुल की हालत में सुधार नहीं हुआ और 9 सितंबर की शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे को अंजाम देने वाली अज्ञात कार और उसके चालक की तलाश कर रही है। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
