उड़ीसा से गांजा लेकर दिल्ली जा रहे थे आरोपी, बाइक और मोबाइल समेत 11.80 लाख रुपये का मशरूका जब्त
धमतरी। नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ धमतरी पुलिस का “ऑपरेशन निश्चय” लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ लगातार प्रभावी एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इसी अभियान के तहत थाना सिहावा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत 11 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर रतावा फॉरेस्ट नाका में घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, थाना सिहावा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्लेटी रंग की रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल क्रमांक DL-3SFD 9699 में दो व्यक्ति उड़ीसा की ओर से गांजा लेकर जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही सिहावा पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मेन रोड रतावा फॉरेस्ट नाका के सामने घेराबंदी की। मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए और वाहन क्रमांक के आधार पर पुलिस ने मोटरसाइकिल को रोककर दोनों संदिग्धों से पूछताछ की।
विधिवत तलाशी के दौरान पुलिस को ट्रॉली बैग और सफारी बैग के अंदर सेलोटेप से पैक किया हुआ 20 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 10 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।

बाइक और मोबाइल भी जब्त
गांजे के अलावा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—
- 20 किलो 400 ग्राम गांजा — कीमत 10,20,000 रुपये
- रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल DL-3SFD 9699 — कीमत 1,50,000 रुपये
- ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन — कीमत 10,000 रुपये
सहित कुल 11,80,000 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश और दिल्ली के निवासी
पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
1. एहतेशाम, पिता इस्लाम, उम्र 27 वर्ष, निवासी बेहड़ा सादात, बहरह सादात ककरौली, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश।
2. तुषार कश्यप, पिता अनिल कुमार कश्यप, उम्र 23 वर्ष, निवासी एफ-178, गली नंबर 05, चांद बाग, करावल नगर, मंदिर मार्ग, उत्तर पूर्वी दिल्ली।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 70/2026, धारा 20(ख) नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 9 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
नशे के कारोबारियों को पुलिस का सख्त संदेश
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के लिए कोई स्थान नहीं है। “ऑपरेशन निश्चय” के तहत नशे के कारोबार से जुड़े व्यक्तियों और तस्करों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी अथवा बिक्री से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
