धोबनी तालाब के पास नशीले कैप्सूल बेचते दबोचे गए आरोपी, मोबाइल और नकदी समेत 46,054 रुपये का सामान जब्त
धमतरी/कुरुद। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत नशे के कारोबारियों और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।
इसी अभियान के तहत कुरुद पुलिस ने धोबनी तालाब स्थित शंकर मंदिर के पास नशीले कैप्सूल की बिक्री कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 416 नग नशीले कैप्सूल, दो मोबाइल फोन और 12,300 रुपये नगद बरामद किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत 46,054 रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
पुलिस के अनुसार, थाना कुरुद को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धोबनी तालाब, शंकर मंदिर के पास कुछ व्यक्तियों द्वारा नशीले कैप्सूल की बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी।
7 सितंबर 2026 की दरमियानी रात की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से नशीले कैप्सूल की बिक्री करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। बरामद सामग्री को गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- रेखराम ध्रुव उर्फ दादू, उम्र 29 वर्ष, निवासी बैगापारा, कुरुद।
- भानुप्रताप धीवर उर्फ गोलू, उम्र 42 वर्ष, निवासी धोबनीपारा, कुरुद।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कुरुद में अपराध क्रमांक 289/2026 दर्ज किया है। मामले में धारा 22(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।
46,054 रुपये का मशरूका जब्त
पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से बरामद सामान का विवरण इस प्रकार है—
- 416 नशीले कैप्सूल — 4,754 रुपये
- 02 मोबाइल फोन — 29,000 रुपये
- नगद राशि — 12,300 रुपये
- कुल जब्ती — 46,054 रुपये

नशे के कारोबारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे का अवैध कारोबार युवाओं के भविष्य और समाज की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के कारोबार, अवैध गतिविधियों और अनैतिक कृत्यों के लिए कोई स्थान नहीं है। ऐसे तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
धमतरी पुलिस की आमजन से अपील
धमतरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री अथवा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो बिना किसी भय के तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस को सूचना दें।
पुलिस के अनुसार, आपकी एक सूचना किसी युवा का भविष्य बचाने में अहम भूमिका निभा सकती है।
