गौठान के बरगद पेड़ के पास धारदार हथियार से किया हमला, अत्यधिक रक्तस्राव से मौके पर मौत; अर्जुनी पुलिस की त्वरित कार्रवाई
धमतरी/ जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम कण्डेल में युवक की गला रेतकर हत्या के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा कर दिया है। मामूली रंजिश और पूर्व विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। अर्जुनी पुलिस ने मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटना 06 सितंबर 2026 की रात करीब 9 बजे ग्राम कण्डेल के गौठान स्थित बरगद पेड़ के पास हुई। मृतक पारसमणी साहू (34 वर्ष) गांव में राजमिस्त्री का काम करता था। घटना के समय वह गौठान के पास मौजूद था। इसी दौरान आरोपी ने कथित पूर्व विवाद और रंजिश के चलते उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले में गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण पारसमणी साहू की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक शरद ताम्रकार पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक के पिता भारत राम साहू की रिपोर्ट पर थाना अर्जुनी में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 0/2026, धारा 103(1) बीएनएस एवं मर्ग क्रमांक 88/2026, धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आवश्यक फॉरेंसिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों, परिजनों और संदिग्ध व्यक्तियों से लगातार पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया
त्वरित विवेचना के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। इन सुरागों के आधार पर ग्राम कण्डेल निवासी यावेन्द्र कुमार ध्रुव, पिता दिनेश कुमार ध्रुव, उम्र 18 वर्ष 1 माह को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पारसमणी साहू की हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर गवाहों की मौजूदगी में वारदात में प्रयुक्त चाकू एवं अन्य सामान बरामद कर जब्त किया गया।
अर्जुनी पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

आरोपी का नाम
यावेन्द्र कुमार ध्रुव
पिता – दिनेश कुमार ध्रुव
उम्र – 18 वर्ष 1 माह
निवासी – ग्राम कण्डेल, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी (छत्तीसगढ़)
पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आगे भी विस्तृत जांच की जा रही है। प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।
एसपी धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी, फॉरेंसिक एवं साक्ष्य-आधारित विवेचना के माध्यम से आरोपियों तक पहुंचकर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
