30 वर्षीय पारसमणी साहू की हत्या का मामला, पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश; एक संदिग्ध के हिरासत में लिए जाने की चर्चा
धमतरी/ जिले के ग्राम कंडेल में रविवार की रात एक युवक की हत्या की घटना से सनसनी फैल गई। 6 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे 30 वर्षीय पारसमणी साहू की हत्या का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस की कार्रवाई के बाद मृतक के शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया गया।
हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। हालांकि प्रारंभिक तौर पर पुरानी रंजिश और नशे से जुड़े विवाद को संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
मृतक पारसमणी साहू राजमिस्त्री का काम करता था। घटना के बाद गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के पीछे कौन था और हत्या की वास्तविक वजह क्या थी।

संदिग्ध के हिरासत में होने की चर्चा
इस बीच सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई है कि पुलिस ने एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। यह भी चर्चा है कि हिरासत में लिया गया युवक नाबालिग हो सकता है। हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इसलिए आरोपी की उम्र और भूमिका को लेकर स्थिति पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
कभी आदर्श ग्राम के रूप में पहचान बना चुका है कंडेल
ग्राम कंडेल को एक समय आदर्श ग्राम के रूप में पहचान मिली थी। लेकिन वर्तमान में गांव और आसपास नशीली सामग्री की उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीण क्षेत्र में नशे की बढ़ती समस्या को लेकर चिंता जताई जा रही है। हालांकि इस हत्या की घटना में नशे की भूमिका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलने पर वरदान परामर्श सेवा समिति से शिवा प्रधान और डूमन साहू भी मौके पर पहुंचे। वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल की जांच और संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस जांच जारी है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपी की पहचान को लेकर पुलिस की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
