शासकीय महाविद्यालय छिपली में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम, नवीन कानून और यातायात नियमों की भी दी गई जानकारी
धमतरी/नगरी। पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में धमतरी पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जिले के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में थाना प्रभारी नगरी द्वारा शासकीय महाविद्यालय छिपली में छात्र-छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर अपराध, नवीन आपराधिक कानून, नशा मुक्ति एवं यातायात नियमों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
साइबर फ्रॉड से बचने बताए जरूरी उपाय
कार्यक्रम के दौरान बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर विद्यार्थियों को विशेष रूप से जागरूक किया गया। पुलिस ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, OTP, UPI फ्रॉड, QR कोड के जरिए होने वाली धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल कर की जाने वाली ठगी के तरीकों की जानकारी दी।
विद्यार्थियों को समझाइश दी गई कि OTP, UPI PIN, ATM PIN, CVV एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें। साथ ही संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट और संदेशों को लेकर सतर्क रहें।
पुलिस ने साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की जानकारी भी दी।
नवीन आपराधिक कानूनों से कराया परिचित
जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को देश में लागू नवीन आपराधिक कानूनों के संबंध में जानकारी दी गई। कानून में किए गए महत्वपूर्ण बदलावों एवं नागरिकों के अधिकारों को लेकर विद्यार्थियों को समझाया गया। साथ ही उन्हें कानून का पालन करने, आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने तथा किसी भी आपराधिक घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।

नशे से दूर रहने युवाओं को किया प्रेरित
पुलिस अधिकारियों ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने की अपील की। मादक पदार्थों एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से बताया गया।
विद्यार्थियों को बताया गया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करने के साथ-साथ परिवार एवं समाज पर भी गंभीर असर डालता है। पुलिस ने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने साथियों एवं आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया।
यातायात नियमों का पालन करने की दी समझाइश
कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, तीन सवारी से बचने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई।
इसके अलावा यातायात संकेतों एवं सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए भी विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालानी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।
जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का दिया संदेश
कार्यक्रम के माध्यम से धमतरी पुलिस ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति सतर्क, नशे से दूर, कानून के प्रति जागरूक और यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से युवाओं को जागरूक करने, उन्हें अपराध से दूर रखने तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।
