धमतरी/ 07 अगस्त 2026 पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा जिलेभर में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत थाना कुरूद पुलिस ने सरस्वती शिशु मंदिर, कुरूद में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में कक्षा 8वीं से 12वीं तक के लगभग 500 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगण ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराध, नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, डायल-112 और कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराना तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को डायल-112 की उपयोगिता बताते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति, दुर्घटना या अपराध की सूचना तत्काल इस सेवा के माध्यम से दी जा सकती है। विद्यार्थियों को संकट की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत पुलिस और जिम्मेदार लोगों से संपर्क करने की सलाह दी गई।
साइबर जागरूकता सत्र में फर्जी कॉल, ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया ठगी, फिशिंग लिंक, ऑनलाइन गेमिंग और फर्जी प्रोफाइल जैसे साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए गए। विद्यार्थियों को स्पष्ट रूप से समझाया गया कि OTP, PIN, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल सुरक्षा पर भी विशेष जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी छिपाने के बजाय तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को दें। पुलिस ने संदेश दिया कि अपराध के प्रति चुप्पी नहीं, बल्कि समय पर सूचना ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।
यातायात जागरूकता अभियान के तहत हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, तेज रफ्तार से बचने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने की सीख दी गई। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार को भी इसके लिए प्रेरित करें।
नशामुक्ति अभियान के तहत पुलिस ने नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को “नशे से दूरी, जीवन में मजबूती” का संदेश दिया। साथ ही उन्हें अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है। अपने अधिकारों और कर्तव्यों की समझ व्यक्ति को न केवल अपराधों से बचाती है, बल्कि समाज में जागरूकता बढ़ाने में भी मदद करती है। विद्यार्थियों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को देने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, थाना प्रभारी कुरूद, थाना स्टाफ सहित लगभग 500 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
धमतरी पुलिस ने बताया कि जिले के विभिन्न विद्यालयों में ऐसे जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि युवाओं को कानून, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति और यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाकर सुरक्षित एवं जिम्मेदार समाज का निर्माण किया जा सके।
