धमतरी/ आगामी त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए धमतरी पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में यातायात पुलिस की टीम ने शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटवाकर आम नागरिकों के आवागमन को सुगम बनाया।
विशेष अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने दुकानों के बाहर सड़क और फुटपाथ पर रखे गए सामान, व्यापारिक सामग्री एवं अन्य अवरोधों को हटवाया। साथ ही व्यापारियों और दुकानदारों को समझाइश दी गई कि वे अपनी दुकानों का सामान सड़क अथवा फुटपाथ पर न रखें और निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यापारिक गतिविधियां संचालित करें।
पुलिस ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में लोगों की संख्या बढ़ने से यातायात प्रभावित होने की संभावना रहती है। ऐसे में सभी व्यापारियों से सहयोग की अपील की गई है ताकि बाजार क्षेत्र में जाम की स्थिति न बने और आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया कि सुरक्षित और सुगम यातायात के साथ व्यवस्थित बाजार व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात पुलिस की लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकता अनुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें तथा त्योहारों के दौरान बेहतर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें। धमतरी पुलिस ने यह भी कहा कि आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
