धमतरी/ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अर्जुनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 25 पौवा देशी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4.500 बल्क लीटर देशी शराब एवं बिक्री की रकम सहित कुल 2,100 रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना अर्जुनी की टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लोहरसी निवासी पुरुषोत्तम विश्वकर्मा लोहरसी तालाब स्थित शिव मंदिर के पीछे एक थैले में देशी शराब रखकर अवैध रूप से बिक्री कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी पुरुषोत्तम विश्वकर्मा (37 वर्ष), निवासी ग्राम लोहरसी, थाना अर्जुनी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से रोमियो कंपनी की 25 पौवा देशी शराब (प्रत्येक 180 एमएल), कुल 4.500 बल्क लीटर, जिसकी कीमत 2,000 रुपये है, तथा बिक्री की 100 रुपये की नकदी बरामद हुई। इस प्रकार कुल 2,100 रुपये की सामग्री जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 95/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ब) में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक खोमेन्द्र भारद्वाज तथा आरक्षक रामकृष्ण यादव और जितेन्द्र कुमार ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
