धमतरी/ कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और नगर निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा के निर्देश पर नगर पालिक निगम धमतरी एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने शहर में अवैध खोमचों, गंदगी फैलाने वालों और प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया।
अभियान के दौरान दानीटोला, सिहावा रोड और सोरिद क्षेत्र में निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वाले खोमचा संचालकों पर कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम ने छापेमारी के दौरान करीब 90 बोरी प्रतिबंधित पानी पाउच तथा 10 पैकेट डिस्पोजल सामग्री जब्त की।
इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने और प्रतिबंधित सामग्री का उपयोग करने वाले संचालकों से कुल 9 हजार रुपये का अर्थदंड भी वसूला गया।

नगर निगम प्रशासन ने कहा कि शहर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। प्रतिबंधित पॉलीथिन, अवैध पानी पाउच और सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निगम ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे स्वच्छता नियमों का पालन करें तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का उपयोग पूरी तरह बंद करें।
