धमतरी/ जिले की आंतरिक सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस ने अवैध अप्रवासियों, संदिग्ध व्यक्तियों और किरायेदारों के सत्यापन को लेकर विशेष जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत आम नागरिकों से पुलिस के साथ सहयोग करने की अपील की गई है।
अभियान की शुरुआत पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने अपने शासकीय वाहन पर जनजागरूकता स्टीकर लगाकर की। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, उप पुलिस अधीक्षक सुश्री मोनिका मरावी तथा डीएसपी सुश्री मीना साहू ने भी अपने-अपने शासकीय वाहनों पर जागरूकता स्टीकर लगाकर अभियान को आगे बढ़ाया। इन स्टीकरों के माध्यम से आमजन को अवैध अप्रवासियों एवं संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कार्यालय धमतरी में किरायेदार सत्यापन, बाहरी व्यक्तियों के पुलिस सत्यापन तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं अवैध अप्रवासियों की सूचना देने संबंधी पोस्टर और पाम्पलेट प्रमुख स्थानों पर लगाए गए हैं। इनका उद्देश्य कार्यालय आने वाले नागरिकों, मकान मालिकों, होटल, लॉज एवं धर्मशाला संचालकों तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना है।
धमतरी पुलिस ने बताया कि अभियान को जिलेभर में प्रभावी बनाने के लिए सभी थाना एवं चौकी कार्यालयों में जागरूकता सामग्री भेजी जा रही है। साथ ही जिले के सभी शासकीय पुलिस वाहनों पर भी जनजागरूकता स्टीकर लगाए जाएंगे, ताकि सुरक्षा संबंधी संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी किरायेदार को मकान देने से पहले उसका पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं। होटल, लॉज, धर्मशाला एवं अन्य संस्थानों में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का रिकॉर्ड नियमानुसार संधारित करें। यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति, अवैध अप्रवासी अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल टोल फ्री नंबर 1800-233-1905, डायल 112 या निकटतम थाना-चौकी को सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय ने कहा कि जिले की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक जागरूक नागरिक की भी भागीदारी आवश्यक है। जनसहयोग से ही संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है और सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
धमतरी पुलिस ने सभी नागरिकों से “सतर्क नागरिक–सुरक्षित धमतरी” अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने, पुलिस सत्यापन को प्राथमिकता देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देकर जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की अपील की है।
