धमतरी/ शहर के रायपुर रोड स्थित एक मेडिकल एजेंसी में शुक्रवार को आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की टीम ने दबिश देकर महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की। कार्रवाई की खबर फैलते ही शहर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
जानकारी के अनुसार EOW की टीम दो वाहनों में सवार होकर मेडिकल एजेंसी पहुंची। टीम में पुलिसकर्मियों सहित करीब सात अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे। अधिकारियों ने एजेंसी के कार्यालय में मौजूद फाइलों और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की गहन जांच की। जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर टीम अपने साथ ले गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ दस्तावेज लाल कपड़े की पोटली में भी ले जाए गए।

सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई वर्ष 2003-04 में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े एक पुराने मामले की जांच के सिलसिले में की गई है। हालांकि आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान या पुष्टि जारी नहीं की गई है।
मेडिकल एजेंसी में कई घंटे तक चली जांच के बाद टीम आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण कर वापस रवाना हो गई।
फिलहाल इस कार्रवाई को लेकर शहर में विभिन्न तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन जांच के उद्देश्य और मामले की वास्तविक स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
