धमतरी/ जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने, प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के संरक्षण तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यटन के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन धमतरी द्वारा शुक्रवार को मानसून बाइक रैली का आयोजन किया गया। सुबह 7 बजे रुद्री चौक से शुरू हुई रैली जिले के प्रसिद्ध प्राकृतिक पर्यटन स्थल नरहरा जलप्रपात पहुंची। रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ पर्यटन, सुरक्षित यातायात और जिम्मेदार नागरिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
रैली में जिला प्रशासन के अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, युवाओं, बाइक राइडर्स तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मार्ग में विभिन्न गांवों के ग्रामीणों ने प्रतिभागियों का स्वागत कर अभियान के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया, जिससे जनसहभागिता और सामुदायिक सहयोग की मिसाल देखने को मिली।
नरहरा जलप्रपात पहुंचने पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण का संकल्प लिया गया। अधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी दोहराया।
रैली के दौरान सभी बाइक चालकों ने हेलमेट पहनकर एवं यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित और अनुशासित ढंग से यात्रा की। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि पर्यटन का वास्तविक आनंद तभी संभव है, जब सुरक्षा नियमों का पालन और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता दोनों साथ-साथ हों।

इस अवसर पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने नरहरा जलप्रपात क्षेत्र का निरीक्षण कर पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता, सुरक्षा संकेतक, बैरिकेडिंग तथा पर्यटक सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
मानसून के दौरान पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने स्थल का निरीक्षण कर बारिश से बचाव के लिए शेड निर्माण की संभावना पर भी आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि धमतरी जिले के प्राकृतिक पर्यटन स्थल जिले की अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पर्यटकों से सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने, प्रतिबंधित एवं खतरे वाले क्षेत्रों में न जाने तथा पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यटक प्लास्टिक एवं अन्य कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें और परिसर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें। साथ ही बच्चों के साथ आए अभिभावकों से जलप्रपात के समीप विशेष सतर्कता बरतने का आग्रह किया।
जिला प्रशासन का यह आयोजन पर्यटन संवर्धन, पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षित पर्यटन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
