धमतरी/ पुलिस अधीक्षक भावना पाण्डेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा जिले में नशामुक्त समाज के निर्माण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में यातायात पुलिस ने ग्राम केरेगांव स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में यातायात प्रभारी उप निरीक्षक खेमराज साहू और आरक्षक राजीव साहू ने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और कानूनी दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने छात्रों से नशे से दूर रहने, स्वयं जागरूक बनने और अपने परिवार व समाज को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
इस दौरान विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों की भी विस्तृत जानकारी दी गई। हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने, बिना लाइसेंस वाहन नहीं चलाने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा सड़क पार करते समय सावधानी बरतने की सीख दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा का सबसे प्रभावी उपाय है।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती एल. देवांगन, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण और यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।
धमतरी पुलिस का कहना है कि जिलेभर में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं में कानून के प्रति सम्मान, सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी और नशामुक्त जीवनशैली के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो सके।
