धमतरी/ आमजन को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा डायल-112 सेवा की कार्यक्षमता और रिस्पांस टाइम का आकस्मिक परीक्षण किया गया। यह सरप्राइज चेक पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर आयोजित किया गया।
परीक्षण के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय ने डायल-112 कंट्रोल रूम को सड़क दुर्घटना की काल्पनिक सूचना देकर रिस्पांस क्षमता का आकलन किया। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम महज 5 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए अपनी दक्षता और तत्परता का प्रदर्शन किया।
मौके पर पहुंचे एएसपी शैलेन्द्र कुमार पांडेय ने डायल-112 टीम की कार्यप्रणाली, रिस्पांस टाइम और आपसी समन्वय का निरीक्षण किया। उन्होंने टीम की त्वरित प्रतिक्रिया पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी तरह संवेदनशीलता और तत्परता के साथ आमजन को सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

धमतरी पुलिस का कहना है कि डायल-112 सेवा को और अधिक प्रभावी एवं भरोसेमंद बनाने के लिए समय-समय पर इस प्रकार के आकस्मिक परीक्षण किए जाते रहेंगे, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में लोगों को तत्काल सहायता मिल सके।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति, सड़क दुर्घटना, अपराध या अन्य सहायता की आवश्यकता होने पर बिना संकोच डायल-112 पर कॉल करें। पुलिस 24×7 आमजन की सुरक्षा और सेवा के लिए तत्पर है।
