दुर्ग/ ट्रेडिंग निवेश के नाम पर लोगों को झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को रैम्बो इंटरनेशनल ट्रेडिंग कंपनी की लीडर बताकर निवेशकों से 28 महीने में रकम चार गुना करने और हर महीने 10 से 12 प्रतिशत रिटर्न देने का दावा करती थी।
पुलिस के अनुसार, उतई थाना क्षेत्र के जोरतराई निवासी दीपक कुमार अहिरवार ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी तृप्ति साहू ने अपने परिचित के माध्यम से उसे कंपनी में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। पहले पीड़ित ने 5 लाख रुपये निवेश किए, जिस पर आरोपी ने करीब 45 हजार रुपये का लाभ देकर उसका भरोसा जीत लिया। इसके बाद पीड़ित ने बैंक से ऋण लेकर 14 लाख रुपये और निवेश कर दिए। इस तरह उसने कुल 19 लाख रुपये जमा किए।
निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद भी जब न तो मूल रकम वापस मिली और न ही वादा किया गया लाभ, तब पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के एसबीआई, यस बैंक, केनरा बैंक और एचडीएफसी बैंक की भिलाई शाखाओं में संचालित खातों की जांच की। बैंक स्टेटमेंट में लाखों रुपये के संदिग्ध लेन-देन सामने आए। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला कि आरोपी ने कथित तौर पर ठगी की रकम से मकान और वाहन खरीदे हैं।
पुलिस का मानना है कि आरोपी ने इसी तरह कई अन्य लोगों को भी अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश कराया और ठगी की। शिकायत और वित्तीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तृप्ति साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी से जुड़े अन्य वित्तीय लेन-देन तथा संभावित पीड़ितों की पहचान करने में जुटी हुई है।
