धमतरी/ जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना मगरलोड और चौकी बिरेझर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
मगरलोड में महिला शराब बेचते गिरफ्तार
थाना मगरलोड पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलने पर ग्राम मड़ेली में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान एक महिला को अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4.05 लीटर कच्ची महुआ शराब (अनुमानित कीमत 900 रुपये) तथा 350 रुपये बिक्री रकम सहित कुल 1,250 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की। मामले में दयावती कमार (59 वर्ष), निवासी ग्राम मड़ेली, थाना मगरलोड के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।

खपरी में युवक देशी शराब बेचते पकड़ा गया
दूसरे मामले में चौकी बिरेझर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम खपरी में कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध रूप से देशी शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया।
आरोपी के कब्जे से 2.160 लीटर देशी शराब (अनुमानित कीमत 1,200 रुपये) तथा 300 रुपये बिक्री रकम सहित कुल 1,500 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई। मामले में नीरज बघेल (28 वर्ष), निवासी ग्राम खपरी, चौकी बिरेझर, थाना कुरूद के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने की आमजन से अपील
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब का निर्माण, परिवहन या बिक्री होती दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना, डायल-112 या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
