धमतरी/ पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय (भा.पु.से.) के निर्देश पर धमतरी पुलिस ने मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मानसिक रूप से अस्वस्थ एक अज्ञात वृद्ध महिला को सुरक्षित उपचार के लिए राज्य मानसिक स्वास्थ्य चिकित्सालय, सेंदरी (बिलासपुर) में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, 16 जुलाई 2026 की रात ग्राम चिवरी में करीब 60 वर्षीय अज्ञात वृद्ध महिला मानसिक रूप से विचलित अवस्था में भटकती हुई मिली। ग्रामीणों की सूचना पर डायल-112 की टीम और चौकी बिरेझर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित संरक्षण में लेकर चौकी लाई।
पुलिस ने महिला से उसका नाम और पता जानने का प्रयास किया, लेकिन मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह कोई जानकारी नहीं दे सकी। इसके बाद महिला को जिला चिकित्सालय धमतरी ले जाकर चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उच्च स्तरीय मानसिक उपचार की आवश्यकता बताई।

इसके बाद चौकी बिरेझर पुलिस ने आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कुरूद के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया। चिकित्सकीय रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर न्यायालय ने महिला को राज्य मानसिक स्वास्थ्य चिकित्सालय, सेंदरी (बिलासपुर) में भर्ती कराने के आदेश जारी किए।
न्यायालय के निर्देशानुसार चौकी बिरेझर में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक ईशु कुमार साहू एवं महिला आरक्षक ललेश्वरी गावड़े के संरक्षण में महिला को सुरक्षित रूप से सेंदरी स्थित मानसिक चिकित्सालय पहुंचाकर भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार शुरू कर दिया गया है।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं कोई बेसहारा, मानसिक रूप से अस्वस्थ, वृद्ध या जरूरतमंद व्यक्ति दिखाई दे तो तत्काल पुलिस या डायल-112 को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि समय पर दी गई एक सूचना किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में नई उम्मीद ला सकती है।
