धमतरी/ बच्चों में खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जय मां कामाख्या जनकल्याण सेवा समिति द्वारा 14 जून को गंगरेल बांध में भव्य बाल साइकिल रेसिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में 8 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं हिस्सा ले सकेंगे।
आयोजन समिति के अनुसार इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। समिति का मानना है कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और वे शारीरिक रूप से अधिक सक्रिय एवं स्वस्थ बनते हैं।
प्रतियोगिता में विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 5,000 रुपये, द्वितीय स्थान को 2,500 रुपये तथा तृतीय स्थान को 1,100 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं चतुर्थ एवं पंचम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को भी 1,100-1,100 रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रोत्साहन एवं सम्मान दिया जाएगा।

जय मां कामाख्या जनकल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष खूबलाल ध्रुव ने अधिक से अधिक बच्चों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को प्रतियोगिता में शामिल कराने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि इसी दिन सुबह 6 बजे पुरुष एवं महिला वर्ग की साइकिल रेस का भी आयोजन किया जाएगा। सभी प्रतियोगिताएं क्रमवार आयोजित होंगी, जिससे प्रतिभागियों और दर्शकों को खेल गतिविधियों का भरपूर आनंद मिल सके।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी पंजीयन के लिए 8319255561 पर संपर्क कर सकते हैं। आयोजन समिति ने इस कार्यक्रम को क्षेत्र के बच्चों और खेल प्रेमियों के लिए यादगार एवं प्रेरणादायक बनाने की पूरी तैयारी कर ली है।
