धमतरी/ उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के अरसीकन्हार क्षेत्र में वनभूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए वन विभाग 19 नवंबर को व्यापक अभियान चलाने जा रहा है। इस कार्रवाई के तहत लगभग 102.47 हेक्टेयर वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। अभियान को लेकर वन विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, वनभूमि और वन संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 400 से अधिक वनकर्मियों एवं संबंधित अमले की तैनाती की जाएगी। इसमें महिला वनकर्मियों की भी भागीदारी रहेगी। विभाग का उद्देश्य पूरी कार्रवाई को अनुशासित, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।
3 हाईटेक ड्रोन से होगी निगरानी, हर गतिविधि का बनेगा डिजिटल रिकॉर्ड
अभियान की निगरानी के लिए उच्च क्षमता वाले 3 हाईटेक ड्रोन का उपयोग किया जाएगा। इनके माध्यम से प्रभावित क्षेत्र की हवाई निगरानी की जाएगी। वन संपदा को नुकसान पहुंचाने, पेड़ों की कटाई करने अथवा कार्रवाई में बाधा उत्पन्न करने जैसी गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
ड्रोन से प्राप्त फोटो एवं वीडियो फुटेज को डिजिटल रिकॉर्ड के रूप में सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

अतिक्रमण हटाने के साथ होगा वन एवं जल संरक्षण
अतिक्रमण मुक्त कराया जाने वाला क्षेत्र महानदी के उद्गम क्षेत्र और राज्य के महत्वपूर्ण हाथी विचरण क्षेत्रों में शामिल है। वन विभाग की योजना केवल अतिक्रमण हटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि मुक्त कराई गई भूमि पर प्राकृतिक वनस्पति का पुनरुद्धार, वन संरक्षण एवं जल संरक्षण के कार्य भी किए जाएंगे।
इसके तहत लगभग 2,000 कंटूर ट्रेंच (समोच्च खाइयों) के निर्माण की कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसे अभियान के दिन पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके तहत लगभग 2,000 कंटूर ट्रेंच (समोच्च खाइयों) के निर्माण की कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसे अभियान के दिन पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके पश्चात लगभग 25 हजार कंटूर ट्रेंच के निर्माण एवं विस्तार की योजना है। इससे वर्षा जल का संरक्षण, भू-जल स्तर में सुधार और वन क्षेत्र के प्राकृतिक पुनरुद्धार में मदद मिलेगी।
सैटेलाइट इमेजरी से सामने आया अतिक्रमण का विस्तार
उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक वरुण जैन ने बताया कि वर्ष 2006 एवं 2012 की इसरो सैटेलाइट इमेजरी तथा वर्ष 2017 से 2026 तक उपलब्ध सैटेलाइट और सर्वेक्षण रिपोर्टों के विश्लेषण से अरसीकन्हार क्षेत्र की वनभूमि पर अतिक्रमण के लगातार विस्तार की पुष्टि हुई है।
आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2016 में लगभग 22 हेक्टेयर वनभूमि पर कटान पाया गया था, जो बढ़कर लगभग 102.47 हेक्टेयर तक पहुंच गया। इस दौरान बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई एवं वन संपदा को नुकसान पहुंचने के तथ्य भी सामने आए हैं।
विभागीय सर्वेक्षण में 3,433 बड़े पेड़ों की कटाई तथा पूर्व में दर्ज प्रकरणों में 501 पेड़ों की अवैध कटाई से संबंधित तथ्य सामने आए हैं। इससे वन संपदा के साथ-साथ हाथियों के विचरण क्षेत्र, वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास और क्षेत्रीय जैव विविधता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
वन विभाग का कहना है कि इस अभियान के माध्यम से वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के साथ प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र को पुनर्स्थापित करने और भविष्य में अतिक्रमण रोकने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
