बीजेपी नेता खूबलाल ध्रुव ने बनाया वीडियो, वन विभाग ने गांवों में मुनादी कराकर लोगों को किया अलर्ट
धमतरी/ जिले में एक बार फिर तेंदुओं की मौजूदगी सामने आई है। मंगलवार रात करीब 8:30 बजे बरारी और कोटाभर्री के बीच सड़क पर दो तेंदुए दिखाई दिए। इसी दौरान रायपुर से अपने घर कोटाभर्री लौट रहे बीजेपी नेता खूबलाल ध्रुव की नजर तेंदुओं पर पड़ी। उन्होंने अपने मोबाइल कैमरे से दोनों तेंदुओं का वीडियो और तस्वीरें रिकॉर्ड कर लीं।
तेंदुओं के सड़क किनारे दिखाई देने का वीडियो सामने आने के बाद आसपास के गांवों में वन्यजीवों की मौजूदगी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि बरारी-कोटाभर्री मार्ग से गुजरते समय ध्रुव ने दोनों तेंदुओं को देखा और मोबाइल से उनका वीडियो बनाया।
हालांकि, दोनों तेंदुए नर हैं या मादा, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल वन विभाग ने नहीं की है। वन विभाग के अनुसार कुछ समय पहले भी दोनों तेंदुओं को एक साथ देखे जाने की सूचना मिली थी।

ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह
रात के समय रिहायशी क्षेत्र और सड़क के आसपास तेंदुओं की मौजूदगी से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। वन क्षेत्र और खेतों से लगे इलाकों में रात के समय आवाजाही करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ाने, कैमरा ट्रैप लगाने और तेंदुओं की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने की मांग की है। साथ ही वन्यजीवों से बचाव को लेकर ग्रामीणों को जागरूक करने की जरूरत भी बताई जा रही है।

मुनादी कराकर किया गया अलर्ट
मामले में धमतरी रेंजर सत्यनारायण प्रधान ने बताया कि रात में तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिली है। इसके बाद ग्राम मुड़पार, बरारी और कोटाभर्री में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया गया है।
रेंजर के मुताबिक लोगों को रात में आने-जाने के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। क्षेत्र में रात से पेट्रोलिंग भी शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल तेंदुओं के नर-मादा होने की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि कुछ समय पहले दोनों को एक साथ देखे जाने की जानकारी सामने आई थी।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
