लैपटॉप, 8 मोबाइल और वनप्लस पैड समेत करीब 2.50 लाख रुपए का मशरूका ले जाने के मामले में रुद्री पुलिस की कार्रवाई
धमतरी/ एंटी करप्शन ब्यूरो का बड़ा अधिकारी बनकर घर में घुसने और गोली मारने की धमकी देकर लैपटॉप, मोबाइल फोन व वनप्लस पैड सहित करीब 2.50 लाख रुपए का मशरूका ले जाने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को सिविल लाइन रुद्री पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में फरार आरोपियों एवं फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना सिविल लाइन रुद्री पुलिस को अपराध क्रमांक 62/2026 के मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी में सफलता मिली।

एंटी करप्शन ब्यूरो का अधिकारी बताकर घर में घुसे थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी ने थाना सिविल लाइन रुद्री में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ आरोपी स्वयं को एंटी करप्शन ब्यूरो का बड़ा अधिकारी बताते हुए उसके घर में अनाधिकृत रूप से दाखिल हुए। आरोपियों ने उसे गोली मारने की धमकी दी और घर में रखे लैपटॉप, वनप्लस पैड तथा 8 मोबाइल फोन अपने साथ ले गए।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन रुद्री में अपराध क्रमांक 62/2026 के तहत धारा 319(2), 331(3), 308(4), 351(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान प्रकरण में धारा 335 एवं 309(4) बीएनएस भी जोड़ी गई।
दो आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
मामले में पुलिस द्वारा दो आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें—
रामचंद देवांगन, पिता पंचूराम देवांगन, उम्र 40 वर्ष, निवासी जल विहार कॉलोनी, गली नंबर 02, रुद्री।
नागेंद्र पटेल, पिता जितन पटेल, उम्र 34 वर्ष, निवासी पटना, जिला कोरिया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को पूर्व में विधिवत गिरफ्तार किया गया था।

22 सितंबर को पकड़ा गया फरार आरोपी
प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी हितेश सिंह, पिता गणेश बहादुर सिंह, निवासी ग्राम सलका बड़कापारा, थाना एवं जिला बैकुंठपुर, जिला कोरिया को रुद्री पुलिस ने 22 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिवत न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन एवं थाना प्रभारी सिविल लाइन रुद्री के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
