धमतरी/ गणेशोत्सव, गणेश झांकी और विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर अबिनास मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में पुलिस और जिला प्रशासन ने गणेश समितियों, झांकी एवं विसर्जन समितियों के पदाधिकारियों के साथ शांति समिति की बैठक आयोजित की।
बैठक में आगामी झांकी और विसर्जन के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, डीजे एवं ध्वनि व्यवस्था तथा विसर्जन स्थल पर सुरक्षा को लेकर समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निर्धारित मार्ग से ही निकलेगी झांकी और जुलूस
प्रशासन ने समितियों से कहा कि झांकी एवं जुलूस निर्धारित मार्ग और प्रशासनिक निर्देशों के अनुरूप ही निकाला जाए। जुलूस में चाकू, तलवार, धारदार हथियार या किसी भी खतरनाक वस्तु का प्रदर्शन प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा अश्लील या आपत्तिजनक नारे, गीत अथवा ऐसे किसी प्रदर्शन से बचने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे किसी समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हों।
जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसका विशेष ध्यान रखने तथा एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड सहित आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खुला रखने के निर्देश दिए गए। समितियों के पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों से भीड़ प्रबंधन में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।

नशाखोरी और हुड़दंग पर पुलिस की रहेगी नजर
गणेश झांकी और विसर्जन के दौरान शराब, गांजा अथवा अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर शामिल होने पर सख्ती के निर्देश दिए गए हैं। नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील भी की गई।
पुलिस ने चाकूबाजी, मारपीट, छेड़छाड़, नशाखोरी और हुड़दंग जैसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने कहा है। किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।
डीजे को लेकर भी जारी हुए दिशा-निर्देश
बैठक में डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए। निर्धारित समय और ध्वनि सीमा के अनुरूप ही डीजे बजाने को कहा गया है।
अस्पताल, स्कूल, धार्मिक स्थल एवं अन्य संवेदनशील स्थानों के आसपास अनावश्यक तेज आवाज से बचने तथा डीजे वाहनों एवं झांकियों की वजह से यातायात और आम नागरिकों की आवाजाही प्रभावित न होने देने के निर्देश दिए गए।
विसर्जन के दौरान सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी
प्रशासन ने समितियों से कहा कि गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित विसर्जन स्थल एवं मार्ग का ही उपयोग किया जाए। नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में गहरे पानी में जाने से बचने तथा बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
साथ ही ट्रैक्टर, ट्रक अथवा अन्य वाहनों में क्षमता से अधिक लोगों को नहीं बैठाने और वाहनों की छत या अन्य हिस्सों पर खड़े होकर यात्रा नहीं करने की अपील की गई।
विसर्जन स्थल पर भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था में समिति के स्वयंसेवकों से पुलिस का सहयोग करने तथा जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने के लिए प्रशासन द्वारा निर्धारित पर्यावरण-अनुकूल व्यवस्था का पालन करने कहा गया।

यातायात नियमों का पालन जरूरी
पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की। तेज रफ्तार, स्टंट और लापरवाही से वाहन चलाने से बचने तथा जुलूस के दौरान सड़क पर अनावश्यक भीड़ या वाहन खड़ा कर यातायात बाधित नहीं करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस-प्रशासन ने की शांतिपूर्ण आयोजन की अपील
धमतरी पुलिस एवं जिला प्रशासन ने गणेश समितियों, आयोजकों और आम नागरिकों से गणेशोत्सव को आस्था, श्रद्धा, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ शांतिपूर्ण एवं गरिमापूर्ण तरीके से मनाने की अपील की।
पुलिस ने कहा कि किसी भी असामाजिक तत्व को उत्सव का माहौल खराब करने का अवसर न दिया जाए। चाकूबाजी, नशाखोरी, मारपीट, छेड़छाड़, हुड़दंग अथवा किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
सुरक्षित गणेशोत्सव • शांतिपूर्ण विसर्जन
आपका सहयोग — हमारी जिम्मेदारी
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल, डीएसपी भानूप्रताप चंद्राकर, डीएसपी पीयूष तिवारी, नगर निगम उपायुक्त पी.सी. सार्वा, नायब तहसीलदार दुर्गेश तंवर, थाना प्रभारी कोतवाली राजेश जगत और यातायात प्रभारी खेमराज साहू सहित गणेश समिति, गणेश झांकी एवं विसर्जन समिति के पदाधिकारी तथा पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
आपातकालीन सहायता के लिए डायल 112 पर संपर्क करें।
