इन्वेन्चर स्कूल तिराहा, मेघा रोड पर ग्राहकों की तलाश करते पकड़े गए आरोपी; एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
धमतरी/कुरूद। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत कुरूद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21.51 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हेरोइन, नगदी, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन सहित कुल 3 लाख 65 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 की शाम करीब 6:20 बजे थाना कुरूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इन्वेन्चर स्कूल तिराहा, मेघा रोड कुरूद के पास कुछ युवक अवैध मादक पदार्थ हेरोइन लेकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और तीन संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 21.51 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी
- घनश्याम सिन्हा उर्फ घनसु सिन्हा, उम्र 24 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 06, कलार पारा कुरूद।
- ढालेन्द्र रजक उर्फ बाउ, उम्र 24 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 32, नयापारा धमतरी।
- सूरज रजक, उम्र 29 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 32, नयापारा, बजरंग चौक धमतरी।

जब्त मशरूका
- हेरोइन (चिट्टा) 21.51 ग्राम – अनुमानित कीमत ₹1,02,000
- नगद राशि – ₹8,000
- दो मोटरसाइकिल – कीमत ₹1,60,000
- चार मोबाइल फोन – कीमत ₹95,000
- कुल जब्त मशरूका – ₹3,65,000
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 306/2026, धारा 21(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल एवं एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना कुरूद पुलिस द्वारा की गई।
धमतरी पुलिस के अनुसार, “ऑपरेशन निश्चय” के तहत जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस द्वारा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
