एसपी भावना पांडेय की अनुशंसा पर कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ने जारी किया आदेश, 22 आपराधिक प्रकरण दर्ज होने का उल्लेख
धमतरी/ जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धमतरी पुलिस द्वारा गुंडा एवं आदतन अपराधियों के खिलाफ लगातार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय की अनुशंसा पर कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी धमतरी ने सिटी कोतवाली क्षेत्र के विंध्यवासिनी वार्ड निवासी महेश उर्फ बजरंगी निर्मलकर (40) के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की है।
जिला दण्डाधिकारी के आदेश के अनुसार महेश उर्फ बजरंगी निर्मलकर को 7 सितंबर 2026 से आगामी एक वर्ष के लिए धमतरी सहित रायपुर, दुर्ग, बालोद, कांकेर, कोण्डागांव एवं गरियाबंद जिलों की राजस्व सीमाओं से निष्कासित किया गया है। निर्धारित अवधि में सक्षम न्यायालय की अनुमति के बिना इन जिलों की सीमाओं में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
22 आपराधिक प्रकरण दर्ज होने का उल्लेख
पुलिस के अनुसार महेश उर्फ बजरंगी निर्मलकर के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में हत्या के प्रयास की धारा 307, आर्म्स एक्ट, मारपीट, आबकारी अधिनियम सहित कुल 22 आपराधिक प्रकरण दर्ज होना बताया गया है। पुलिस के मुताबिक उसकी आपराधिक गतिविधियों से क्षेत्र की शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए जिला बदर की अनुशंसा की गई थी।
यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 5(क)(ख) के तहत प्रदत्त शक्तियों के अंतर्गत की गई है।

आदेश का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई
जिला दण्डाधिकारी ने महेश उर्फ बजरंगी निर्मलकर को निर्धारित अवधि तक संबंधित जिलों की सीमाओं से बाहर रहने के निर्देश दिए हैं। सक्षम अनुमति के बिना प्रतिबंधित जिलों में प्रवेश करने या आदेश का उल्लंघन करने पर उसके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
2026 में अब तक 2 जिला बदर की कार्रवाई
धमतरी पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक जिला बदर के लिए 5 प्रकरण प्रस्तुत किए गए हैं, जिनमें से 2 मामलों में जिला बदर की कार्रवाई की जा चुकी है। वहीं वर्ष 2025 में कुल 11 बदमाशों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की गई थी।
पुलिस द्वारा जिले में सक्रिय अन्य गुंडे, बदमाश एवं आदतन अपराधियों के रिकॉर्ड का भी लगातार परीक्षण किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध निगरानी, गुंडा फाइल तैयार करने और जिला बदर जैसी वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

जिला बदर किए गए व्यक्ति:
महेश उर्फ बजरंगी निर्मलकर, पिता बिसनाथ निर्मलकर, उम्र 40 वर्ष
निवासी—विंध्यवासिनी वार्ड, धमतरी
थाना—सिटी कोतवाली, जिला धमतरी (छत्तीसगढ़)
