एमटी शाखा पहुंचकर शासकीय वाहनों के रख-रखाव और संचालन व्यवस्था का लिया जायजा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
धमतरी/ पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने आज रक्षित केंद्र धमतरी में जनरल परेड का निरीक्षण किया। परेड के दौरान उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों के टर्नआउट, वेशभूषा, अनुशासन एवं परेड की कार्यवाही का जायजा लिया। एसपी ने पुलिस बल की कार्यक्षमता, अनुशासन और तत्परता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस बल की शारीरिक दक्षता एवं अनुशासन प्रभावी पुलिसिंग की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को अपने कर्तव्य के प्रति सजग, सतर्क और सदैव तत्पर रहने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन के साथ बेहतर व्यवहार करते हुए टीम भावना और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता
एसपी भावना पांडेय ने पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग में आपसी समन्वय, टीम भावना और अनुशासन का विशेष महत्व है। प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।

एमटी शाखा का किया निरीक्षण
जनरल परेड के पश्चात पुलिस अधीक्षक ने एमटी शाखा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शाखा में उपलब्ध शासकीय वाहनों की स्थिति, रख-रखाव, आवश्यक दस्तावेजों एवं संचालन व्यवस्था की जानकारी ली।
उन्होंने शासकीय वाहनों की नियमित देखभाल, समय-समय पर तकनीकी जांच तथा आवश्यकता के अनुसार मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। एसपी ने कहा कि पुलिसिंग के दौरान वाहनों की उपलब्धता और उनकी बेहतर स्थिति कार्यक्षमता एवं त्वरित कार्रवाई के लिए महत्वपूर्ण है।
संसाधनों के बेहतर प्रबंधन पर जोर
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अनुशासित एवं दक्ष पुलिस बल के साथ संसाधनों का बेहतर प्रबंधन पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाता है। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को आपसी सहयोग और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।

जिले के पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
जनरल परेड के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल, एसडीओपी कुरूद रागिनी पांडेय, डीएसपी भानू प्रताप चंद्राकर, एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी, रक्षित निरीक्षक विपुल आनंद जांगड़े सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
