धमतरी/ धमतरी जिले के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र से बड़ी घटना सामने आई है। अर्सीकन्हार रेंज के अर्जुनी जंगल में गुरुवार तड़के जंगल की ओर गए दो ग्रामीणों पर चार भालुओं ने अचानक हमला कर दिया। हमले में दोनों ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल को बेहतर उपचार के लिए धमतरी लाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया है।
जंगल में अचानक भालुओं ने बोला हमला
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम ठेनही निवासी दिनेश नेगी (पिता आत्माराम नेगी) और मदन नेताम (पिता पुना राम नेताम) गुरुवार सुबह किसी आवश्यक कार्य से अर्जुनी जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान जंगल में मौजूद चार भालुओं ने दोनों पर अचानक हमला कर दिया।
भालुओं के हमले में दोनों ग्रामीणों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। दिनेश नेगी को अपेक्षाकृत गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई है।

वन विभाग को दी गई सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम पंचायत ठेनही के पंच और स्थानीय निवासी डी.के. यादव ने तत्परता दिखाते हुए वन विभाग को इसकी सूचना दी। इसके बाद दोनों घायलों को तत्काल नगरी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों का उपचार शुरू किया। मदन नेताम का उपचार नगरी में जारी है, जबकि दिनेश नेगी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पहले धमतरी जिला अस्पताल लाया गया। यहां से बेहतर उपचार के लिए उन्हें रायपुर रेफर कर दिया गया।

भालुओं के हमले से ग्रामीणों में दहशत
घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के मुताबिक, इस इलाके में पहले भी भालुओं के इंसानों पर हमला करने की घटनाएं सामने आती रही हैं।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने लोगों से भालुओं की मौजूदगी वाले जंगल और संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने तथा जंगल जाने की स्थिति में विशेष सावधानी बरतने को कहा है।
वन विभाग की टीम घटना के बाद क्षेत्र की स्थिति पर नजर रख रही है और ग्रामीणों को आवश्यक सुरक्षा संबंधी जानकारी दी जा रही है।
