Google ने Android 16 के साथ Advanced Protection नाम का सिक्योरिटी फीचर पेश किया था. इसका मकसद फोन को खतरनाक ऐप्स, ऑनलाइन हमलों और दूसरे सुरक्षा खतरों से ज्यादा मजबूत तरीके से बचाना है. ये फीचर खासतौर पर उन यूजर्स के लिए काफी फायदेमंद है जो अपने फोन की सिक्योरिटी को लेकर ज्यादा सतर्क रहते हैं.
हालांकि, इसकी एक बड़ी कमी ये थी कि Advanced Protection को अब तक लगभग ऑल-ऑर-नथिंग मोड में इस्तेमाल करना पड़ता था. यानी इसे ऑन करने के बाद इसके तहत मिलने वाली ज्यादातर सुरक्षा सुविधाएं अपने आप एक्टिव हो जाती थीं. यूजर्स को हर फीचर को अलग-अलग ऑन या बंद करने का ऑप्शन नहीं मिलता था.
अब अलग-अलग फीचर्स चुनने का मिल सकता है ऑप्शन
Google Play Services के वर्जन 26.36.30 में मिले कुछ संकेतों से पता चलता है कि कंपनी Advanced Protection के काम करने के तरीके में बदलाव की तैयारी कर रही है.
इन बदलावों के मुताबिक, Advanced Protection की सेटिंग्स में जल्द ही Expert features नाम का एक नया सेक्शन देखने को मिल सकता है. इसके तहत कुछ एडवांस सिक्योरिटी फीचर्स को ऑप्शनल बनाया जा सकता है.

मौजूदा जानकारी के अनुसार Intrusion Detection, USB Protection और Unsecured Wi-Fi Networks जैसे फीचर्स को इस कैटेगरी में रखा जा सकता है.Expert features में मिलेंगे ज्यादा कंट्रोल
Google Play Services में मिले टेक्स्ट से संकेत मिलता है कि कंपनी इन फीचर्स को Expert mode का हिस्सा मान सकती है. इसका मतलब है कि इन एक्सट्रा सेफ्टी तरीकों को इस्तेमाल करने पर कुछ एक्सट्रा प्रतिबंध भी लागू हो सकते हैं.
ऐसे में Advanced Protection एक्टिवेट करने वाले यूजर्स को संभवतः ये तय करने की आजादी मिलेगी कि वे इन एक्सट्रा पाबंदियों के साथ ज्यादा सुरक्षा चाहते हैं या नहीं.
USB Protection में क्या बदल सकता है?
आपको बता दें कि USB Protection फिलहाल Pixel 6 और उसके बाद के मॉडल्स पर उपलब्ध है. ये फीचर फोन की स्क्रीन लॉक होने के दौरान नए USB कनेक्शन को डेवलप होने से रोकता है. इससे किसी अनजान व्यक्ति के लिए USB के जरिए फोन तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है. हालांकि, इसका एक छोटा नुकसान भी हो सकता है. कुछ कंडिशन में फोन लॉक रहने पर फास्ट चार्जिंग शुरू नहीं होती और चार्जिंग के लिए स्क्रीन अनलॉक करनी पड़ती है. लेकिन नॉर्मल चार्जिंग फिर भी जारी रह सकती है.

अगर USB Protection को Expert features में डाल दिया जाता है तो यूजर्स इस प्रतिबंध से बचने के लिए इसे बंद रख सकेंगे जबकि Advanced Protection की बाकी सुरक्षा सुविधाएं ऑन रहेंगी.
यूजर्स को मिलेगा ज्यादा कंट्रोल
अगर Google इन बदलावों को लागू करता है तो Advanced Protection पहले के मुकाबले में ज्यादा फ्लेक्सिबल हो जाएगा. यूजर्स को पूरी सिक्योरिटी व्यवस्था एक साथ स्वीकार करने के बजाय कुछ एडवांस प्रतिबंधों को अपनी जरूरत के हिसाब से चुनने का ऑप्शन मिल जाएगा. हालांकि, अभी तक Google ने इस बदलाव की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
