धमतरी। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। नेशनल हाईवे पर जगतरा टोल प्लाजा के पास अज्ञात पिकअप वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल भाई की मौत के कुछ घंटे बाद उसकी बहन ने भी दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बड़े गौरी, थाना चारामा निवासी रामेश्वर सिन्हा (45 वर्ष) तीजा लेने के लिए मोखा, थाना गुरुर गया था। वहां से वापस अपने घर लौटते समय नेशनल हाईवे पर जगतरा टोल प्लाजा के आगे एक अज्ञात पिकअप वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में रामेश्वर सिन्हा और उसकी बहन नीता कटेंद्र (36 वर्ष), पति एनु राम, गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी लाया गया। इलाज के दौरान रामेश्वर सिन्हा की मौत हो गई।
वहीं, गंभीर रूप से घायल नीता का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। शुक्रवार शाम उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नीता अपने भाई के साथ तीजा के लिए मायके जा रही थी।
एक ही परिवार में कुछ ही घंटों के अंतराल में भाई-बहन की मौत की खबर से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद पूरे गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और टक्कर मारने वाले अज्ञात पिकअप वाहन की तलाश की जा रही है।

