दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को हुए दर्दनाक इमारत हादसे में छत्तीसगढ़ के दुर्ग के रहने वाले 20 वर्षीय छात्र युवराज सोनी की मौत हो गई. युवराज दिल्ली विश्वविद्यालय के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में बी.कॉम का छात्र था. छुट्टियों में रक्षाबंधन मनाने के लिए वह दुर्ग के पंचशील नगर वार्ड क्रमांक 1 अपने घर आया था और महज कुछ दिन पहले ही दिल्ली वापस लौटा था.
हादसे के वक्त युवराज अपने दोस्त आर्यन से फोन पर बात कर रहा था. दोनों बाहर घूमने जाने की योजना बना रहे थे. बातचीत के दौरान अचानक युवराज की आवाज आनी बंद हो गई. आर्यन फोन पर लगातार हेलो-हेलो करता रहा, लेकिन दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला. करीब एक मिनट बाद फोन भी कट गया.
संपर्क न होने पर सत्य निकेतन पहुंचा दोस्त आर्यन
दोस्त आर्यन के मुताबिक जब काफी देर तक युवराज से संपर्क नहीं हुआ और सत्य निकेतन में इमारत गिरने की खबर सामने आई, तो आर्यन घबराकर तुरंत मौके पर पहुंचा. वहां मलबे में रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा था. कई घंटे तक तलाश के बाद आर्यन को युवराज की मौत की खबर मिली. बताया गया कि उसका शव एम्स ट्रॉमा सेंटर में रखा गया है.

परिवार का इकलौता बेटा था युवराज
बता दें कि मृतक युवराज कन्हैया सोनी का इकलौता बेटा था. परिवार में माता-पिता और उसकी छोटी बहन है, जो 9वीं कक्षा में पढ़ती है. पिता मेडिकल स्टोर चलाते हैं. बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजन दिल्ली रवाना हो गए और AIIMS ट्रॉमा सेंटर पहुंच चुके हैं. प्रशासन ने भी परिवार से संपर्क कर दिल्ली में हरसंभव मदद और शव को दुर्ग लाने की व्यवस्था का भरोसा दिया है.
पड़ोसी ने बताया कि युवराज पिछले करीब एक साल से दिल्ली में पढ़ाई कर रहा था. 31 अगस्त को ही वह राखी की छुट्टी मनाकर दुर्ग से दिल्ली गया था और 1 सितंबर को दिल्ली पहुंचा था. कुछ ही दिनों बाद आई उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार और मोहल्ले को गहरे सदमे में डाल दिया है.

