धमतरी/ कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर जिले में विद्यार्थियों की सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला परिवहन विभाग ने स्कूल बसों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान दो स्कूल बसें बिना वैध परमिट के संचालित होती मिलीं, जिन पर परिवहन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुल 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
निरीक्षण के दौरान स्कूल बसों के परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, आवश्यक दस्तावेज, सुरक्षा मानकों और अन्य वैधानिक प्रावधानों की भी गहन जांच की गई। अधिकारियों ने बस संचालकों को सभी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि सभी स्कूल बस संचालकों को निर्धारित परिवहन नियमों और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करना होगा। बिना वैध परमिट या सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर वाहन संचालन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने परिवहन विभाग को समय-समय पर स्कूल वाहनों का नियमित निरीक्षण कर नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
