धमतरी/ जिले में बैंक एवं वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में विशेष निगरानी एवं समीक्षा अभियान चलाया जा रहा है। इस संबंध में जिले के सभी बैंक प्रबंधकों को सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
एसपी भावना पांडेय ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी बैंक परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे चालू रहें तथा उनकी रिकॉर्डिंग बिना किसी व्यवधान के लगातार होती रहे। किसी भी स्थिति में कैमरों का बंद रहना या रिकॉर्डिंग बाधित होना सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही माना जाएगा।
पुलिस ने बैंक प्रबंधन को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि सीसीटीवी कैमरों की दिशा एवं कवरेज प्रभावी हो तथा रिकॉर्डिंग सुरक्षित रूप से संरक्षित रहे, ताकि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को तत्काल फुटेज उपलब्ध कराया जा सके। विशेष रूप से बैंक के प्रवेश एवं निकास द्वार, कैश काउंटर, लॉकर कक्ष, पार्किंग और अन्य संवेदनशील स्थानों पर निगरानी मजबूत रखने पर जोर दिया गया है।

धमतरी पुलिस बैंक प्रबंधकों के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा कर रही है। साथ ही बैंक परिसर एवं आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखने तथा किसी भी असामान्य घटना की तत्काल सूचना पुलिस को देने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले के बैंक एवं वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमित निरीक्षण के माध्यम से सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
