Nuclear Weapons 2026: परमाणु हथियार का नाम सुनते ही दुनिया में किसी के भी मन में सबसे पहले हिरोशिमा और नागासाकी का वो हमला याद आता है, जो भले ही वहां कई साल पहले हुआ हो. लेकिन उसका असर कहीं न कहीं आज भी दिख ही जाता है. भले ही इस हमले के बाद से लोग इस इस हथियार से कांपें हों, लेकिन परमाणु हथियार की ताकत का अंदाजा तो दुनिया को लग ही गया. इसीलिए तो आज दुनिया में सिर्फ नौ देश ही परमाणु हथियार बना पाए हैं. लेकिन क्या आपको पता है कि जैसे-जैसे तकनीक विकसित होती जा रही, इन हथियारों की ताकत भी बढ़ती जा रही है. चलिए जान लेते हैं कि 2026 में एक परमामु हथियार कितनी बड़ी कयामत ला सकता है.
छोटे परमाणु हथियारों की स्ट्रैटिजी अपनाएगा अमेरिका
साल 2026 में दुनिया के रक्षा समीकरण तेजी से बदल रहे हैं. फरवरी 2026 में अमेरिका और रूस के बीच हुई ऐतिहासिक न्यू स्टार्ट संधि की समयावधि खत्म होते ही वैश्विक सुरक्षा तंत्र कमजोर पड़ गया है. अमेरिकी रक्षा विभाग यानी पेंटागन ने एक बेहद क्लासिफाइड परमाणु रणनीति का नया खाका तैयार किया है. पेंटागन के नीति प्रमुख की अगुआई में बन रही इस नीति में बड़े अंतरमहाद्वीपीय बमों के बजाय छोटे लेकिन बेहद सटीक टैक्टिकल परमाणु हथियारों पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है. इसका मकसद क्षेत्रीय संघर्षों में तुरंत और विनाशकारी बढ़त हासिल करना है.

वैश्विक परमाणु हथियारों का गणित
SIPRI ईयरबुक 2026 के आंकड़ों की मानें तो इस समय पूरी दुनिया में लगभग 12,187 परमाणु वॉरहेड्स मौजूद हैं. इनमें से 90 प्रतिशत से ज्यादा का भंडार अकेले रूस और अमेरिका के पास है, जिनमें हजारों वॉरहेड्स हर पल तुरंत दागे जाने की स्थिति में तैनात हैं. रूस के पास लगभग 2,000 गैर-रणनीतिक यानी टैक्टिकल वॉरहेड्स का मजबूत दस्ता है. वहीं एशियाई महाद्वीप में चीन अपने परमाणु जखीरे का तेजी से विस्तार करते हुए लगभग 620 वॉरहेड्स तक पहुंच चुका है. भारत के पास भी अब लगभग 190 परमाणु हथियार मौजूद हैं और उसने अपनी रक्षा रणनीति में बड़े बदलाव करते हुए हथियारों की त्वरित तैनाती शुरू कर दी है.
